MP Weather Today: सुबह धुंध, दोपहर में तेज धूप..मध्य प्रदेश में बढ़ी गर्मी, 12 फरवरी को ऐसा रहेगा मौसम

MP weather today: मध्य प्रदेश में 12 फरवरी को मौसम साफ और शुष्क रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन में तापमान बढ़ेगा और धूप तेज रहेगी, जबकि सुबह हल्की धुंध दिख सकती है. नर्मदापुरम सबसे गर्म और शहडोल सबसे ठंडा रहा.

NewsTak
मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम जारी. कोहरे ने घटाई विजिबिलिटी.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MP weather today: मध्य प्रदेश में फरवरी के दूसरे सप्ताह में मौसम धीरे-धीरे करवट लेता नजर आ रहा है. राज्य के ज्यादातर हिस्सों में ठंड का असर कमजोर पड़ रहा है और दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 12 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. कहीं भी बारिश या बादल छाने का अलर्ट नहीं है, हालांकि सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है.

Read more!

बीते 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो प्रदेश के सभी संभागों में मौसम साफ रहा. अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान कुछ संभागों में बढ़ा है. पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल उत्तर भारत की ओर सक्रिय है, जिसका सीधा असर मध्य प्रदेश पर नहीं पड़ रहा है. इसी वजह से प्रदेश में फिलहाल मौसम स्थिर बना हुआ है.

12 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 फरवरी को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ से मुख्य रूप से साफ रहेगा. दिन के समय धूप तेज रहने के आसार हैं, जबकि सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है. हवा की रफ्तार सामान्य रहेगी और तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है.

तापमान का हाल: कहां कितनी गर्मी और कहां ठंड

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान नर्मदापुरम में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. खंडवा में पारा 32.1 डिग्री, खरगोन में 32 डिग्री और धार में 31.3 डिग्री तक पहुंच गया. भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जिससे साफ है कि दिन में गर्मी का असर बढ़ रहा है.

वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे ठंडा जिला शहडोल संभाग का कल्याणपुर रहा, जहां रात का तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.4 डिग्री और अमरकंटक में करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहा. छतरपुर के खजुराहो में रात का तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया.

कुछ जिलों में रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं. देवास के कन्नौद में न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री, नर्मदापुरम में 17.8 डिग्री, आगर में 16.9 डिग्री और सीहोर के भैरूंदा क्षेत्र में 16.7 डिग्री दर्ज किया गया.

भोपाल में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी भोपाल में 12 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है. सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होगी. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बीते दिन भोपाल में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि ठंड धीरे-धीरे विदा ले रही है.

आगे कैसा रहेगा मौसम का रुख

मौसम विभाग के अनुसार 13 और 16 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल मध्य प्रदेश में इसका सीधा असर नहीं दिखेगा. आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है.

    follow google news