MP Weather Update: मध्य प्रदेश में सूरज के तेवर तल्ख, 18 अप्रैल को इन जिलों में चलेगी लू!

मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है, जहां विदिशा 43.5°C के साथ सबसे गर्म रहा. 18 अप्रैल को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा और विदिशा, रतलाम, नर्मदापुरम सहित 11 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है. अगले 48 घंटों में तापमान 2°C और बढ़ने के आसार हैं.

MP Weather Update
MP Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश में अप्रैल के तीसरे हफ्ते के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. 18 अप्रैल के पूर्वानुमान को देखें तो आने वाले दिन में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है. 

Read more!

प्रदेश के मौसम की बात करें तो पिछले 24 घंटों में लगभग सभी संभागों में मौसम सूखा रहा. रतलाम और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में लू का असर भी देखने को मिला, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है. अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और सागर संभागों में यह सामान्य से 1.6 से 2.8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया. 

कितना दर्ज किया गया तापमान

अगर तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो विदिशा में सबसे ज्यादा 43.5°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि नर्मदापुरम में 43.0°C, बैरसिया (भोपाल) में 42.9°C, रतलाम में 42.8°C और मंडला-दमोह में करीब 42°C तापमान रहा. दूसरी ओर, ठंडे इलाकों में पचमढ़ी का अधिकतम तापमान 33.8°C और अमरकंटक में 36.9°C दर्ज किया गया, जो बाकी प्रदेश की तुलना में कम रहा. 

न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी में सबसे कम 14.8°C तापमान दर्ज हुआ, जबकि देवास के कन्नौद में रात का तापमान 27.3°C तक पहुंच गया. सागर में 27°C, नीमच के मरुखेड़ा में 26.8°C और सीहोर के भैरुंदा में 26.1°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो यह दिखाता है कि रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है. 

18 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम

अब बात करते हैं 18 अप्रैल के मौसम की. मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है. भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान करीब 40°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है, जबकि हवा की गति 8 से 10 किमी प्रति घंटा रह सकती है. 

हालांकि, राहत की कोई बड़ी संभावना नहीं दिख रही है क्योंकि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2°C तक और बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, यानी गर्मी का असर लगातार बना रहेगा. 

कई जिलों में लू का अलर्ट!

मौसम विभाग ने कुछ जिलों में लू को लेकर चेतावनी भी जारी की है. विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जैसे जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है. 

वहीं, साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार 18 अप्रैल को पूरे मध्य प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और पश्चिम व पूर्व दोनों हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. 
 


 

    follow google news