मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम केंद्र भोपाल से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 18 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने की संभावना है. जहां एक तरफ राज्य के बड़े हिस्से में प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी तरफ कुछ जिलों में अब भी भीषण गर्मी और लू का सितम जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा सकती है.
ADVERTISEMENT
18 जून को कैसा रहेगा मौसम और कहां है अलर्ट?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 जून की सुबह तक राज्य के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और वज्रपात की आशंका है. इसके साथ ही इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, रीवा, मऊगंज, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह और मैहर जैसे बाकी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.
रतलाम और बालाघाट में लू का शिकंजा
एक तरफ जहां कई जिलों में आंधी-बारिश की स्थिति है, वहीं रतलाम और बालाघाट जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऊष्ण लहर (लू) की चेतावनी जारी की है. पिछले 24 घंटों के दौरान भी रतलाम में लू और बालाघाट के मालाजखंड में तीव्र लू का प्रभाव दर्ज किया गया.
कहां रही सबसे ज्यादा तपिश और कहां मिली राहत?
प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद दतिया में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस, तथा उमरिया, मंडला और दमोह में 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. बालाघाट के मलाजखंड में भी अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
कम तापमान वाले क्षेत्रों की बात करें तो अनूपपुर के अमरकंटक में सबसे कम अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा शिवपुरी में 35.0 डिग्री सेल्सियस, नर्मदापुरम के पचमढ़ी में 35.4 डिग्री सेल्सियस, अलीराजपुर और नीमच के मरुखेड़ा में 36.1 डिग्री सेल्सियस तथा सीहोर के भैरूंदा में 36.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
न्यूनतम तापमान के मामले में नर्मदापुरम का पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. वहीं राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 22.6 डिग्री सेल्सियस, और श्योपुर व शिवपुरी में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके विपरीत, रात में सबसे ज्यादा गर्मी बड़वानी के तालुन में रही, जहां न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दतिया में 28.6 डिग्री सेल्सियस, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 28.1 डिग्री सेल्सियस, और शहडोल के कल्याणपुर व छतरपुर के खजुराहो में न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. सतना में भी न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
पिछले 24 घंटों में कहां हुई कितनी बारिश?
बीते 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें गुना में भारी बारिश हुई. मुख्य आंकड़ों के अनुसार चाचौड़ा में 67.0 मिमी, गौहरगंज में 53.4 मिमी, बैरसिया में 33.2 मिमी, मुलताई में 30.2 मिमी, हरसूद में 26.0 मिमी, सिवनी में 22.6 मिमी, डिंडोरी के शाहपुरा में 21.2 मिमी, भैंसदेही में 21.0 मिमी और श्योपुर में 20.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा ग्वालियर में 70 किमी/घंटा और जबलपुर में 65 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी और झोंकेदार हवाएं चलीं.
ADVERTISEMENT


