MP Weather Update: मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 2 अप्रैल को बारिश-आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है. 2 अप्रैल को कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर गर्मी बढ़ेगी. नर्मदापुरम में तापमान 40°C पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है.

mp weather update
mp weather update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई संभागों भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और सागर में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा. अब 2 अप्रैल को भी प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा, जहां कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, वहीं कई जगह गर्मी भी बढ़ेगी. 

Read more!

2 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 2 अप्रैल को मध्य प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा.

भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. हवा की रफ्तार करीब 8 से 10 किमी प्रति घंटा रहेगी और तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 22 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है. 

इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना

प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, सतना, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे जिलों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. 

कुछ इलाकों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान का खतरा है.

कहां कितनी गर्मी

प्रदेश में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया है, लेकिन कुछ जगहों पर गर्मी का असर बढ़ा हुआ है. नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. खजुराहो में 39.2 डिग्री, विदिशा, राजगढ़, रतलाम और नौगांव में करीब 39 डिग्री तापमान रहा. भोपाल के बैरासिया में 38.5 डिग्री और दमोह में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

वहीं कम तापमान वाले इलाकों में अमरकंटक में 31.1 डिग्री, पचमढ़ी में 32.2 डिग्री, मलाजखंड में 34 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 34.3 डिग्री और मुरैना में 34.9 डिग्री तापमान रहा. 

न्यूनतम तापमान भी जानिए

रायसेन में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजगढ़ में 17 डिग्री, पचमढ़ी में 17.8 डिग्री, मलाजखंड में 18.8 डिग्री और कटनी के करौंदी में 18.9 डिग्री तापमान रहा.

दूसरी ओर नर्मदापुरम में रात का तापमान 24.8 डिग्री तक पहुंच गया. देवास के कन्नौद में 24.2 डिग्री, सतना और सिवनी में 24 डिग्री, सीहोर के भैरुंदा में 23.7 डिग्री और सीधी में 23.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. 

क्यों बदल रहा है मौसम

मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं. साथ ही एक ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है, जिससे प्रदेश में बादल, बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है. 

आगे क्या रहेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. 

    follow google news