MP Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल केंद्र के अनुसार 21 मई को भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और कई जिलों में लू से लेकर तीव्र लू चलने की संभावना है. खासकर बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग के जिलों में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम शुष्क रहा. रायसेन, राजगढ़, विदिशा, रतलाम, रीवा, सतना, खजुराहो, सागर, टीकमगढ़, दमोह, श्योपुर, दतिया, गुना और ग्वालियर जिलों में लू का असर दर्ज किया गया. वहीं नौगांव (छतरपुर) में तीव्र लू चली.
पिछले 24 घंटों में कितना रहा तापमान
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान नौगांव (छतरपुर) में 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा खजुराहो में 46.4 डिग्री, विदिशा में 46.1 डिग्री, बैरसिया भोपाल में 45.9 डिग्री और दतिया में 45.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
21 मई को कैसा रहेगा MP का मौसम
21 मई के लिए जारी चेतावनी के अनुसार दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं तीव्र लू चल सकती है. सतना जिले में भी गंभीर गर्मी का असर रहने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, रीवा, दमोह और सागर जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने सीहोर, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जैसे जिलों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है. मंडला जिले में गर्म रात का असर देखने को मिल सकता है.
भोपाल में बादल छाए रहने की संभावना!
राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां 21 मई को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हवा की औसत रफ्तार 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है. पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा. विस्तारित पूर्वानुमान में भी साफ कहा गया है कि 21 मई तक मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने वाला है.
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने को कहा गया है. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है.
ADVERTISEMENT


