मध्य प्रदेश के लोगों के लिए मौसम का हाल काफी असमंजस भरा हो गया है. कभी तेज धूप परेशान कर देती है तो कभी अचानक आसमान में काले बादल छा जाते हैं और ठंडी हवाएं चलने लगती हैं. ऐसे में अगर आप भी 30 जून 2026 को घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट देखकर ही निकलिएगा.
ADVERTISEMENT
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में मानसून धीरे-धीरे पैर पसार रहा है. 30 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है. IMD की भवष्यवाणी के अनुसार कुछ जगहों पर तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से लोगों को सता सकती हैं.
जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग का हाल
पूर्वी हिस्से के जिलों में मानसून की हलचल तेज हो गई है. यहां उमस से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है. जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में मौसम खुशनुमा रहेगा. IMD के अनुसार यहां कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हैवी रेन यानी भारी बारिश होने की संभावना है. बिजली चमकने और कड़कने की भी चेतावनी दी गई है इसलिए बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें.
रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली के लोगों को मिली-जुली राहत मिलेगी. आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का भी अलर्ट है.
वहीं शहडोल उमरिया और अनूपपुर जैसे पहाड़ी और जंगली इलाकों में मौसम सुहाना बना रह सकता है. हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आएगी.
भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग
प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भी बादलों का डेरा रहेगा लेकिन यहां छिटपुट बारिश होगी. भोपाल, सीहोर और विदिश में सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. IMD की मानें तो यहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. तेज हवाएं चलने से शाम के वक्त मौसम ठंडा हो सकता है.
इंदौर, धार, झाबुआ और खरगोन में मानसून की सक्रियता दिख रही है. यहां हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है लेकिन कुछ जगहों पर अचानक तेज बारिश का दौर भी आ सकता है. तेज धूलभरी आंधी जैसी हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं उज्जैन, देवास और शाजापुर यानी बाबा महाकाल की नगरी और आस-पास के जिलों में मौसम मिलाजुला रहेगा. उमस थोड़ी परेशान कर सकती है लेकिन दोपहर बाद या शाम को मेघ बरसने से राहत मिलने की संभावना है.
ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग
ये वो इलाका है जहां फिलहाल गर्मी और उमस का मुकाबला बारिश से चल रहा है. ग्वालियर, भिंड और मुरैना में अभी भी तापमान बाकी प्रदेश से थोड़ा ज्यादा बना हुआ है. हालांकि, 30 जून को यहां भी बादल छाएंगे और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. वहीं सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने को कहा है.
ADVERTISEMENT


