बंगाल की खाड़ी के तूफान अर्नब का MP पर असर, 29 अक्टूबर को अनूपपुर, शहडोल और मैहर समेत इन इलाकों में झमाझम बरसेंगे बदरा

न्यूज तक डेस्क

28 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 28 2026 4:37 PM)

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से मध्य प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. इस चक्रवात और बादलों के कारण प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है, जिससे रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है.

NewsTak
Google CTA

MP Weather Update: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब अब मैदानी इलाकों में भी अपना असर दिखाने लगा है. आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद इस तूफान का असर देश के कई अन्य राज्यों की तरह मध्य प्रदेश में भी साफ नजर आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस चक्रवात की वजह से अगले 3 से 4 दिनों तक एमपी के कई जिलों में झमाझम बारिश, आंधी-तूफान और कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने वाला है. 

Read more!

आइए जानते हैं कि आने वाले दिनों में आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है:

28 अक्टूबर को इन जिलों में था बारिश और आंधी का अलर्ट

तूफान के असर से राज्य के कई हिस्सों में बादलों ने डेरा डाल दिया है। बुधवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में तेज गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा, सिंगरौली, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जहां भारी बारिश का अनुमान है. वहीं सीधी, रीवा, सतना, जबलपुर और सागर समेत कई अन्य जिलों में भी वज्रपात (बिजली गिरने) और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा.

29 अक्तूबर को यहां रहेगा'ऑरेंज अलर्ट'

गुरुवार को मौसम का मिजाज थोड़ा और सख्त हो सकता है। मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी और मऊगंज में अति भारी बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. राजधानी भोपाल सहित विदिशा, रायसेन, सीहोर, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही रीवा, सतना, अनूपपुर और शहडोल जैसे इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

30 और 31 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?

शुक्रवार और शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में राहत मिलने के आसार कम हैं। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, रीवा, सतना, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना और छतरपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और 30-40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है. 

तूफान जाते ही बढ़ेगी ठिठुरन, तापमान में आएगी गिरावट

इस चक्रवाती तूफान और आसमान में छाए बादलों के कारण मध्य प्रदेश में अब धीरे-धीरे ठंड ने भी दस्तक दे दी है, जिससे सुबह के समय हल्की सिहरन महसूस होने लगी है। बीती रात के तापमान पर नजर डालें तो पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं भोपाल में 17.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 16.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 16.1 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 16.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जैसे ही यह चक्रवात पूरी तरह आगे बढ़ेगा, रात के पारे में और ज्यादा गिरावट आएगी, जिससे प्रदेशभर में ठंड का अहसास और ज्यादा बढ़ जाएगा. अगर आप अगले कुछ दिनों में घर से बाहर निकल रहे हैं तो अपने साथ छाता और गर्म कपड़े जरूर रखे. 

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव में बीजेपी ने इन्हें बनाया उम्मीदवार, इस सीट पर होगा मुकाबला