मध्य प्रदेश में इस समय मौसम के दो बेहद अलग रूप देखने को मिल रहे हैं. राज्य का एक हिस्सा जहां सूरज की सीधी तपिश और भीषण लू (हीटवेव) की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस रहा है, वहीं दूसरे हिस्से में बादलों की आवाजाही के साथ तेज आंधी और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, आगामी 29 मई को भी प्रदेश में यह दोहरा मौसम बरकरार रहने वाला है. हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले 24 घंटों के बाद राज्य के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे तपती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
कैसा रहेगा 29 मई को पूरे प्रदेश का मौसम?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 29 मई को मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, जिसके कारण धूप का प्रभाव बेहद तेज होगा. लेकिन, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ चुनिंदा जिलों जैसे सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा में मौसम करवट ले सकता है. इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और वज्रपात (बिजली गिरने) की भी चेतावनी जारी की गई है.
भीषण लू और 'गर्म रात' का प्रकोप
प्रदेश के कई शहरों में इस समय दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद बेचैन करने वाली हो गई हैं. मौसम विभाग ने सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, उमरिया, कटनी और मैहर जैसे जिलों में 'तीव्र ऊष्ण लहर' यानी बेहद गंभीर लू चलने का रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इसके साथ ही दतिया, भिंड, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुरकलां में धूलभरी आंधी और लू का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा. वहीं छिंदवाड़ा और गुना जैसे जिलों में 'वार्म नाइट' यानी गर्म रात्रि का प्रकोप रहेगा, जहां रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल पाएगी.
जानिए आपके जिले में कितना रहा तापमान
राज्य में इस समय तापमान के आंकड़े डराने वाले हैं. बुंदेलखंड का खजुराहो और नौगांव इलाका सबसे ज्यादा तप रहा है.
सबसे गर्म इलाके (अधिकतम तापमान): छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में पारा सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचते हुए 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसके ठीक पीछे दतिया जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रहा. रीवा में यह 45.4 डिग्री सेल्सियस, दमोह में 45.2 डिग्री सेल्सियस और राजगढ़ व टीकमगढ़ में पारा 45.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
प्रमुख शहरों का हाल: राजधानी भोपाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है. इंदौर में तापमान तुलनात्मक रूप से थोड़ा कम यानी 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा. नीमच के मरुखेड़ा में 39.9 डिग्री और बड़वानी के तालुन व मंदसौर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कहां मिली ठंडक: नर्मदापुरम जिले का प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां रात का न्यूनतम तापमान बेहद सुहावना 20.0 डिग्री सेल्सियस और दिन का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अनूपपुर के अमरकंटक में भी रात का तापमान 24.3 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली.
आम जनता और किसानों के लिए जरूरी गाइडलाइन
मौसम केंद्र भोपाल ने इस जानलेवा गर्मी और आंधी को देखते हुए नागरिकों के लिए विशेष सलाह जारी की है. जनता को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बहुत जरूरी न होने पर बाहर न निकलने को कहा गया है. धूप में निकलने पर सिर को कपड़े या छाते से ढकने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए लगातार नींबू पानी, ओआरएस, लस्सी या मट्ठा पीने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


