MP Rain Alert: मध्य प्रदेश में मानसून हुआ एक्टिव, अगले कुछ घंटों में इन संभागों में वज्रपात और बौछारों की चेतावनी

मध्य प्रदेश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई है. खातेगांव में सबसे ज्यादा 115 मिमी पानी गिरा. मौसम विभाग ने 2 जुलाई को भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. फिलहाल ग्वालियर सबसे गर्म है.

MP Weather Update
MP Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. पिछले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे तपती गर्मी से राहत मिली है और तापमान में बड़ी गिरावट आई है. मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण सूबे में मानसूनी बादल पूरी तरह छाए हुए हैं. विभाग ने 2 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

Read more!

बीते 24 घंटों में कहां कितनी हुई वर्षा?

पिछले एक दिन में राज्य के नर्मदापुरम और ग्वालियर संभागों में लगभग सभी जगहों पर पानी गिरा है. इसके अलावा भोपाल, चंबल, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभागों में भी अनेक स्थानों पर मानसून मेहरबान रहा. आंकड़ों की बात करें तो देवास जिले के खातेगांव में सबसे ज्यादा 115.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सीहोर के आष्टा में 109.0 मिमी, पचमढ़ी में 88.4 मिमी, बीरसिंहपुर में 85.6 मिमी, सतवास में 84.0 मिमी, उदयनगर में 80.0 मिमी और बालाघाट में 79.0 मिमी बारिश हुई है. वहीं राजधानी भोपाल में भी 35.2 मिमी पानी गिरा है, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है.

2 जुलाई को कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम?

इन जिलों में होगी व्यापक बारिश: नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी.

यहां भी बरसेंगे बादल: भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, खरगोन, बड़वानी, धार, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला और सागर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद है.

इन इलाकों में हल्की बौछारों के आसार: विदिशा, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है.

मौसम वैज्ञानिकों ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित लगभग सभी प्रमुख जिलों में तेज आंधी-तूफान (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं) और आकाशीय बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है. राजधानी भोपाल में आसमान मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और 12-14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी. भोपाल का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

जानिए कहां कितनी रही गर्मी और ठंडक

बारिश के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट देखी गई है. हालांकि, उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अब भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है.

सबसे गर्म इलाके (अधिकतम तापमान):

प्रदेश में इस समय सबसे ज्यादा तपिश ग्वालियर जिले में है, जहाँ अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. श्योपुर में पारा 39.0 डिग्री, टीकमगढ़ में 38.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 38.4 डिग्री और छतरपुर के खजुराहो में 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके उलट सबसे ठंडे दिनों का अनुभव बैतूल (26.2 डिग्री), सिवनी (27.0 डिग्री), छिंदवाड़ा (28.2 डिग्री), पचमढ़ी (28.2 डिग्री) और दमोह (28.4 डिग्री) में किया गया.

सबसे ठंडी रातें (न्यूनतम तापमान):

रात के समय लोगों को खासी ठंडक महसूस हो रही है. पूरे प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा जिले में 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद खरगोन और पचमढ़ी में न्यूनतम पारा 20.6 डिग्री, बैतूल में 21.8 डिग्री, भोपाल और शिवपुरी में 22.0 डिग्री तथा गुना में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, नीमच के मरुखेड़ा में सबसे गर्म रात रही जहां न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा श्योपुर, उमरिया और ग्वालियर में 26.4 डिग्री तथा बड़वानी के तालुन में 26.3 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.

    follow google news