MP Weather Update: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, मानसून की एंट्री से पहले झमाझम बारिश; 5 जून को ओले गिरने का अलर्ट

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में प्री-मानसून के चलते मौसम बदल गया है. भोपाल सहित कई जिलों में अच्छी बारिश से तापमान गिरा है. मौसम विभाग ने 5 जून को भी कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. अगले तीन दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.

MP Weather
MP Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MP Weather: मध्य प्रदेश में जून की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है. प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल संभाग के अनेक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा हुई. मौसम विभाग ने 5 जून को भी प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

Read more!

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में नमी बढ़ी है. पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सक्रिय बना हुआ है. इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.

पिछले 24 घंटे में अच्छी बारिश!

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. रायसेन जिले के गैरतगंज में सबसे अधिक 64.6 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा चाचौड़ा में 51 मिमी, श्योपुर में 44 मिमी, शाजापुर में 39 मिमी और बागली में 37 मिमी वर्षा दर्ज की गई. भोपाल में भी 11.2 मिमी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

5 जून के लिए मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है.

ओलावृष्टि की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने नीमच, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

कितना रहा तापमान!

तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रतलाम में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद खरगोन में 41.8 डिग्री, राजगढ़ में 40.6 डिग्री, खंडवा और बालाघाट के मलाजखंड में 40.5 डिग्री तथा विदिशा और बैरसिया में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

दूसरी ओर सबसे कम अधिकतम तापमान अनूपपुर के अमरकंटक में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. पचमढ़ी में 34.2 डिग्री, सतना में 35.7 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 36.2 डिग्री और देवास के कन्नौद में 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भोपाल में 20 डिग्री, सीहोर के भैरूंदा में 21.9 डिग्री और राजगढ़ में 22.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान सतना में 28.3 डिग्री, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 28.1 डिग्री और खजुराहो में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

आगे कैसा रहेगा मौसम!

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है.

विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 5 जून से शुरू होने वाले सप्ताह में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से बेहतर वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

    follow google news