MP Weather: 20 मार्च को बदलेगा MP का मौसम, कई जिलों में बारिश और ओले का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम के दो रूप दिख रहे हैं। खजुराहो 39.2°C के साथ सबसे गर्म है, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम पारा 12.8°C रहा. 20 मार्च को भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है.

MP Weather
MP Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश में मौसम अब धीरे-धीरे करवट ले रहा है. बीते 24 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन अब मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 20 मार्च को स्थिति बदलने वाली है. आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

Read more!

भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों में 20 मार्च को आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है. दिन के समय मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन शाम या रात के समय अचानक मौसम बदल सकता है और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हवा की रफ्तार 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

कई जिलों में बारिश का अलर्ट!

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जैसे जिले शामिल हैं. वहीं कुछ क्षेत्रों में मौसम शुष्क भी बना रह सकता है, जिससे प्रदेश में मौसम का मिश्रित प्रभाव देखने को मिलेगा.

इसके साथ ही मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की है. खासतौर पर बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और पांढुर्णा जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओले गिरने की संभावना है. दतिया और भिंड में भी इसी तरह का खतरा बना हुआ है, जबकि छिंदवाड़ा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

पिछले 24 घंटों में कितना रहा तापमान!

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में गर्मी का असर भी लगातार बना हुआ है. सबसे अधिक अधिकतम तापमान खजुराहो में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि खरगोन, नर्मदापुरम, खंडवा और रायसेन जैसे जिलों में भी तापमान 37 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है. दूसरी ओर, ठंडे इलाकों में पचमढ़ी का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और अमरकंटक में 30.3 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में काफी अंतर बना हुआ है.

न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी में सबसे कम 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उमरिया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा जबलपुर, नर्मदापुरम, सतना और सागर जैसे जिलों में भी रात का तापमान 20 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर रात में भी महसूस किया जा रहा है.

क्या है मौसम में बदलाव की वजह

मौसम में इस बदलाव के पीछे कई सक्रिय मौसम प्रणालियां जिम्मेदार हैं. मध्य प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है और इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है. इसके अलावा एक ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश से होते हुए मराठवाड़ा तक फैली हुई है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ रही है और बारिश तथा आंधी की स्थिति बन रही है.

आने वाले दिनों की बात करें तो मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि 20 मार्च के आसपास प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना बनी हुई है.

    follow google news