MP Weather Update: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर शुरू, 19 जून को भी कई जिलों में मौसम विभाग का भारी अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत कई संभागों में तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग ने 19 जून को भी पूरे सूबे में तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी कर लोगों और किसानों को सतर्क रहने को कहा है.

MP Weather
MP Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश में नौतपा और भीषण गर्मी के बाद अब मौसम ने तगड़ा यू-टर्न लिया है. राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मानसूनी बौछारें पड़नी शुरू हो गई हैं. मौसम केंद्र भोपाल की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा जबलपुर, इंदौर, सागर, रीवा, शहडोल और चंबल संभाग के कुछ हिस्सों में भी बादल बरसे हैं.

Read more!

19 जून को कैसा रहेगा आपके शहर का हाल?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 19 जून को सूबे के ज्यादातर हिस्सों में मौसम का रुख कड़ा रह सकता है. खासकर राजगढ़ और अशोकनगर जिलों में स्थिति ज्यादा संवेदनशील रहेगी. यहाँ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झंझावाती हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है.

इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, गुना, शिवपुरी, धार और होशंगाबाद जैसे प्रमुख शहरों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है. राजधानी भोपाल और आस-पास के इलाकों में दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है.

अशोकनगर में सबसे तेज अंधड़

पिछले 24 घंटों के दौरान अशोकनगर में सबसे तेज 56 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली. इसके बाद सागर में 54 किमी, राजगढ़-आगर में 50 किमी और इंदौर में 46 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. विदिशा, श्योपुर और बुरहानपुर में धूलभरी आंधी का असर रहा.

अगर बारिश की बात करें, तो देवास के हटपिपल्या में सबसे ज्यादा 37 मिलीमीटर पानी गिरा. सुल्तानपुर में 31.4 मिमी, सोनकच्छ में 29 मिमी और भोपाल शहर में 13.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

कहीं राहत, कहीं अब भी तपिश

ठंडी हवाओं और बारिश के कारण नर्मदापुरम और चंबल संभागों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. बैतूल में सबसे कम 26.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. हालांकि, छतरपुर का खजुराहो 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ अब भी सूबे में सबसे गर्म रहा. दतिया में पारा 41.2 डिग्री और ग्वालियर में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

रात के तापमान पर नजर डालें तो धार जिला 22.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि खजुराहो में रात का न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सबसे गर्म रात रही.

    follow google news