MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च के जाते-जाते राज्य में 'दोहरी मार' देखने को मिल रही है. एक तरफ जहां सूरज के तेवर तीखे हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, रविवार 29 मार्च को मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है. ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जैसे उत्तर-मध्य क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बूंदा-बांदी की संभावना है. विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
वहीं, अगर बात करें राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर की, तो यहां फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन 29 मार्च के बाद यानी नए हफ्ते की शुरुआत (सोमवार) से यहां भी पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर दिखने लगेगा और हल्की बारिश की संभावना प्रबल हो जाएगी.
गर्मी का टॉर्चर भी जारी
भले ही कुछ जिलों में बारिश की राहत मिलने वाली हो, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्से अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं. पिछले 24 घंटों में नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा. गुना, धार और सतना जैसे जिलों में भी तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर चल रहा है. दिन के साथ-साथ अब रातों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को बेचैनी का सामना करना पड़ रहा है.
इन जिलों में रहें सावधान
येलो अलर्ट वाले जिले: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना, यहां बिजली गिरने और तेज आंधी की चेतावनी है.
शुष्क मौसम: भोपाल, इंदौर, बड़वानी और राजगढ़ में फिलहाल गर्मी का असर रहेगा. हालांकि बादलों की आवाजाही से धूप की तपिश थोड़ी कम महसूस हो सकती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर शुष्क स्थिति बनी रही तो अगले हफ्ते से प्रदेश के कुछ हिस्सों में 'हीट वेव' जैसे हालात भी बन सकते हैं. इसलिए घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें.
ये भी पढ़ें: मोनालिसा के साथ फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा का सनसनीखेज खुलासा, बोले- मेरी हीरोइन का ही कर लिया शिकार
ADVERTISEMENT


