MPL ऑक्शन 2026: मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग के लिए खिलाड़ियों पर जमकर बरसा पैसा, आशुतोष शर्मा सबसे महंगे बिके

इंदौर में आयोजित एमपीएल सीजन-3 के ऑक्शन में 244 खिलाड़ियों पर बोली लगी. स्टार खिलाड़ी आशुतोष शर्मा को मालवा स्टॉलियन ने 15 लाख रुपये में खरीदकर सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया. महानआर्यमन सिंधिया ने इसे प्रतिभाओं का बड़ा मंच बताया.

mpl auction
mpl auction

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MPL Auction 2026: मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) के तीसरे सीजन के लिए बिगुल बज चुका है. इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को आयोजित भव्य ऑक्शन में 244 खिलाड़ियों की बोली लगाई गई. इस बार लीग का विस्तार करते हुए 10 पुरुष टीमों के लिए बोली लगाई गई, जिसमें आईपीएल के चमकते सितारों पर फ्रेंचाइजी मालिकों ने दिल खोलकर पैसा लुटाया.

Read more!

आशुतोष शर्मा बने 'नीलामी के सुल्तान'

इस साल ऑक्शन में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र आईपीएल स्टार आशुतोष शर्मा रहे. पहली बार एमपीएल ऑक्शन का हिस्सा बने आशुतोष को खरीदने के लिए कई टीमों के बीच मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंत में 'मालवा स्टॉलियन' ने 15 लाख रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. वह इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे हैं. उनके अलावा अक्षत रघुवंशी को 13.80 लाख और अनिकेत वर्मा को 13.20 लाख रुपये में खरीदा गया. शिवांग कुमार (13 लाख) और मंगेश यादव (12 लाख) भी महंगे खिलाड़ियों की सूची में शामिल रहे.

महानआर्यमन सिंधिया ने किया हौसला अफजाई

नीलामी की शुरुआत मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि एमपीएल आज प्रदेश की प्रतिभाओं को निखारने का सबसे बड़ा मंच बन गया है. उन्होंने खुशी जताई कि यहाँ से निकले खिलाड़ी आईपीएल, डब्लूपीएल (WPL) और टीम इंडिया तक पहुँच रहे हैं. सिंधिया ने प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम की भी सराहना की.

चारू शर्मा का रहा खास अंदाज

प्रसिद्ध स्पोर्ट्स एंकर चारू शर्मा ने अपनी चिर-परिचित शैली में नीलामी प्रक्रिया का संचालन किया. उनकी मौजूदगी ने ऑक्शन के रोमांच को और बढ़ा दिया. बता दें कि इस साल लीग में तीन नई टीमें - मालवा, निमाड़ और उज्जैन जुड़ी हैं, जिससे कुल पुरुष टीमों की संख्या 10 हो गई है. साथ ही, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए दो नई महिला टीमें भी इस बार मैदान में उतरेंगी.

    follow google news