MPL 2026: पहले मैच में उज्जैन फॉलकन्स ने ग्वालियर चीतास को 92 रनों से हराया, चमके माधव तिवारी, फीके रहे स्टार क्रिकेटर रजत पाटीदार

MPL T20 2026: मध्य प्रदेश लीग के ओपनिंग मैच में उज्जैन फॉल्कन्स ने ग्वालियर चीतास को 92 रनों से हराया. आईपीएल स्टार माधव तिवारी ने खेली 62 रनों की नाबाद तूफानी पारी, रजत पाटीदार रहे फ्लॉप. आज कौन सी टीम कब और कहां भिड़ेगी...पूरा शेड्यूल जानिए.

NewsTak
तस्वीर: @mpleaguet20 के इंस्टा से.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (MPL) T20 सिंधिया कप 2026 का आगाज बेहद धमाकेदार अंदाज में हुआ है. इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए सीजन के पहले रोमांचक मुकाबले में उज्जैन फॉल्कन्स (Ujjain Falcons) ने ग्वालियर चीतास (Gwalior Cheetahs) को 92 रनों के भारी अंतर से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की है. 

Read more!

आईपीएल स्टार माधव तिवारी का ऑलराउंडर धमाल 

इस मुकाबले के असली हीरो रहे युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी, जिन्होंने हाल ही में खत्म हुए आईपीएल (IPL) के अपने शानदार फॉर्म को यहां भी जारी रखा. पहले बल्लेबाजी करते हुए माधव ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात कर दी. उन्होंने महज 31 गेंदों में 5 गगनचुंबी छक्के और 4 चौके जड़ते हुए 62 रनों की नाबाद तूफानी पारी खेली. इसके बाद गेंदबाजी में भी जलवा बिखेरते हुए उन्होंने अपने पहले ही ओवर में विकेट झटका और मैच में कुल 2 विकेट चटकाए. 

अपनी इस बेहतरीन परफॉर्मेंस पर माधव तिवारी ने कहा कि नए सीजन और नई टीम के लिए यह शुरुआत बेहद खास है. जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरे, तो उनका इरादा टीम के मोमेंटम को बनाए रखते हुए एक मजबूत फिनिश देना था. 

उज्जैन फॉल्कन्स ने खड़ा किया 221 रनों का विशाल स्कोर

इससे पहले ग्वालियर चीतास के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. उज्जैन फॉल्कन्स को उनके कप्तान चंचल राठौर और यश दुबे ने शानदार शुरुआत दी. दोनों ने महज 5 ओवरों में पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े. कप्तान चंचल ने 17 गेंदों पर ताबड़तोड़ 33 रन बनाए, जिसके बाद सौम्य पांडे ने उन्हें एलबीडब्ल्यू (LBW) आउट किया.

इसके बाद यश दुबे (37 रन) और ओजस्व यादव (31 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की. हालांकि, ग्वालियर ने इन दोनों को जल्दी आउट कर वापसी की कोशिश की, लेकिन डेथ ओवरों में माधव तिवारी के तूफान और निचले क्रम में आर्यन पांडे की 7 गेंदों में 19 रनों की तेजतर्रार पारी की बदौलत उज्जैन ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 221 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. 

ताश के पत्तों की तरह ढह गई ग्वालियर चीतास की बल्लेबाजी 

222 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर चीतास की शुरुआत बेहद खराब रही. कुलदीप गेही को 9 रन के निजी स्कोर पर माधव तिवारी ने बोल्ड किया, जबकि कार्तिक परिहार (9 रन) को गजेंद्र गोस्वामी ने चलता किया.

ग्वालियर की ओर से पार्थ चौधरी ने 18 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 46 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मैच में बनाए रखने की कोशिश की. लेकिन पीयूष मानकर ने उन्हें आउट कर मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया. इसके बाद आयुष मानकर ने अर्पित पटेल और विकास शर्मा को भी पवेलियन की राह दिखाई.

फ्लॉप रहे कप्तान रजत पाटीदार 

ग्वालियर की टीम को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उनके स्टार कप्तान रजत पाटीदार महज 11 रन (8 गेंद) बनाकर ऋषि मिगलानी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू (LBW) हो गए. पाटीदार के आउट होते ही उज्जैन फॉल्कन्स ने मैच पर अपनी पूरी पकड़ मजबूत कर ली. नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के चलते ग्वालियर की पूरी टीम महज 129 रनों पर सिमट गई और उज्जैन ने यह मैच 92 रनों से अपने नाम कर लिया. 

आज होने वाले मुकाबले (4 जून) 

पुरुषों के वर्ग में आज (4 जून को) होलकर स्टेडियम में मालवा स्टैलियंस बनाम चंबल घड़ियाल और भोपाल लेपर्ड्स बनाम इंदौर पिंक पैंथर्स के बीच मुकाबले खेले जाएंगे. वहीं महिला टूर्नामेंट की शुरुआत भी आज से ही हो रही है, जिसमें पहला मैच चंबल घड़ियाल बनाम ग्वालियर शेरनीस और दूसरा मैच भोपाल वॉल्व्स बनाम बुंदेलखंड बुल्स के बीच डेली कॉलेज में खेला जाएगा. 

पुरूष मुकाबला

  • मालवा स्टैलियन्स Vs चंबल घड़ियाल्स (होलकर स्टेडियम), टाइम: 3:00 PM
  • भोपाल लेपर्ड्स Vs इंदौर पिंक पैंथर्स  (होलकर स्टेडियम), टाइम: 7:30 PM

महिलाओं का टूर्नामेंट

  • चंबल घड़ियाल्स Vs ग्वालियर शेरनीज़ (डेली कॉलेज ग्राउंड), टाइम: सुबह 10:00 बजे
  • भोपाल वुल्व्स Vs बुंदेलखंड बुल्स (डेली कॉलेज ग्राउंड), टाइम: दोपहर बाद 

MPL 2026: तीसरे सीजन में क्रिकेटर रजत पाटीदार को लेकर फैन्स में दिखी दिवानगी, पहले मैच में स्टेडियम के बाहर ऐसा था नजारा
 

    follow google news