आज मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) के वुमन विंग का टीम ड्राफ्ट ग्वालियर के इम्पीरियल गोल्फ रिसोर्ट में संपन्न हुआ. एमपीएल के संस्थापक एवं एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया, भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी शिखर धवन और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे.
ADVERTISEMENT
कार्यक्रम की शुरुआत एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया के संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि एमपीएल ने मात्र तीसरे वर्ष में ही देश की सबसे बड़ी लीग के रूप में अपनी पहचान बना ली है. यह लीग अब देश की सबसे सफल लीगों में भी स्थान बना चुकी है. उन्होंने कहा कि आज आईपीएल और अन्य प्रमुख लीगों में एमपीएल से जुड़े खिलाड़ी अपनी पहचान बना रहे हैं. उन्होंने एमपीएल वुमन टीमों के पांचों मालिकों की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी मध्य प्रदेश के क्रिकेट को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं.
शिखर धवन ने की महानआर्यमन सिंधिया की तारीफ
ग्वालियर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी धवन के साथ शामिल हुए. उन्होंने ‘द वन हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ की स्थापना और एमपीएल वुमन टीम ड्राफ्ट के अवसर पर अपने संबोधन में मध्य प्रदेश के क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
उन्होंने महानआर्यमन सिंधिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 2–3 वर्षों में मध्य प्रदेश क्रिकेट में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है. एमपीएल की शुरुआत कर उन्होंने राज्य के खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान किया है.
सबा करीम ने किया माधवराव सिंधिया को याद
पूर्व भारतीय क्रिकेटर, चयनकर्ता, कोच और ब्रॉडकास्टर सबा करीम ने वुमन स्टेट लीग को लेकर उत्साह देखकर खुशी जताई. उन्होंने महानआर्यमन सिंधिया को शुभकामनाएं देते हुए माधवराव सिंधिया को याद किया. उन्होंने कहा कि बीसीसीआई में उनके कार्यकाल के दौरान कई सकारात्मक बदलाव हुए, और आज भारतीय क्रिकेट जिस ऊचाई पर है उसमें उनका बड़ा योगदान है.
पांच टीमों ने चुनी अपनी-अपनी स्क्वॉड
एमपीएल ड्राफ्ट में 303 राज्य स्तरीय महिला खिलाड़ियों में से पांच टीमों ने अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया. पिछले वर्ष जहां तीन टीमें थीं, वहीं इस वर्ष टीमों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.
पांच टीमों की सूची
1. चंबल घड़ियाल
2. ग्वालियर शेरनी
3. रॉयल निमाड़ ईगल्स
4. भोपाल वूल्व्स
5. बुंदेलखंड बुल्स
इंदौर में होगा एमपीएल 2026 सीजन
मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग 2026 के सभी मैच इंदौर में आयोजित किए जाएंगे. एमपीएल की शुरुआत 3 जून से होगी और यह सीजन लगभग 28 दिनों तक चलेगा. ग्वालियर में आज क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक खास पहल देखने को मिली, जहां MPL वुमन लीग के लिए खिलाड़ियों का ड्राफ्ट आयोजित किया गया. इस दौरान देश के कई नामी क्रिकेट सितारे और आयोजक मौजूद रहे, और महिला क्रिकेट को नए मंच देने की बात कही गई.
ग्वालियर के एक निजी रिज़ॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में MPL वुमन लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया. ड्राफ्ट के दौरान अलग-अलग टीमों ने अपनी रणनीति के तहत खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा. इस मौके पर MPL के संस्थापक और एमपीसीए के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और पूर्व क्रिकेटर सबा करीम भी मौजूद रहे. सभी ने महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने और प्रतिभाओं को मंच देने की आवश्यकता पर जोर दिया. कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं आयोजकों का कहना है कि MPL वुमन लीग से प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी. “हमारा उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा महिला खिलाड़ियों को प्लेटफॉर्म मिले और वो अपनी प्रतिभा को साबित कर सकें...”
ADVERTISEMENT


