जमानत पर जेल से छूटते ही बोनट पर बैठकर पी सिगरेट, निकाला काफिला; अब कान पकड़ कर रास्ते पर घुमे अपराधी

सत्यम शुक्ला की हत्या के आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल को जमानत पर बाहर आकर गाड़ियों के काफिले के साथ जश्न मनाना भारी पड़ गया. सतना की कोलगावां थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सड़क पर कान पकड़वाकर पैदल मार्च कराया.

Satna Crime news
Satna Crime news
Google CTA

सतना: हत्या के मामले में 14 महीने बाद जमानत पर जेल से बाहर आए एक आरोपी को कानून की धौंस जमाना और सड़क पर रसूख दिखाना बेहद भारी पड़ गया. जेल से बाहर आते ही समर्थकों के साथ बाइक रैली और गाड़ियों का काफिला निकालकर जश्न मनाने वाले आरोपी की हेकड़ी सतना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर निकाल दी. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर शहर की सड़कों पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक कान पकड़वाकर पैदल मार्च कराया.

Read more!

बोनट पर बैठकर पी सिगरेट, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो 

जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में पिछले 14 महीने से जेल में बंद था. मंगलवार को उसे जमानत मिली थी. जेल के बाहर आते ही उसके समर्थकों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया. इसके बाद आरोपी बेटू एक बोलेरो गाड़ी के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए निकला. शहर की सड़कों पर उसके समर्थकों ने बाइक रैली और गाड़ियों का लंबा काफिला निकालकर आम जनता में खौफ पैदा करने की कोशिश की. इस पूरे जश्न का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

पुलिस का एक्शन: डेढ़ किलोमीटर तक कान पकड़कर मांगते रहे माफी 

वीडियो वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आते ही कोलगावां थाना पुलिस हरकत में आई. गुरुवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बेटू सिंगरौल के साथ उसके तीन साथियों—अंकित रजक, श्रीकांत शुक्ला और शिवम यादव उर्फ छोटू को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया.

इसके बाद पुलिस चारों आरोपियों को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल घसीटते हुए थाने तक ले गई. जिन आरोपियों ने एक रात पहले सड़कों पर गुंडागर्दी का प्रदर्शन किया था, दोपहर में पुलिस के सामने उनके तेवर पूरी तरह ढीले पड़ गए. रास्ते भर आरोपी कान पकड़कर चलते रहे और पुलिस के आगे हाथ जोड़कर कहते नजर आए— "आज के बाद लोगों को डराने-धमकाने के लिए कोई जुलूस नहीं निकालेंगे, अब ऐसा कभी नहीं करेंगे."

जमानत निरस्त कराने न्यायालय जाएगी पुलिस 

मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने सख्त लहजे में कहा:

"समाज में भय पैदा करने वाली कोई भी हरकत या गुंडागर्दी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों ने बेहद गंभीरता से लिया है. आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय में पेश किया जा रहा है." जमानत मिलने का मतलब जश्न मनाना या लोगों में दहशत फैलाना नहीं है. यह सीधे तौर पर जमानत की शर्तों का उल्लंघन है. हम माननीय न्यायालय में आरोपी की जमानत निरस्तीकरण (Bail Cancellation) का आवेदन लगाएंगे. इसके अलावा अन्य साथियों की भी गिरफ्तारी की जा रही है और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है. कानून सर्वोपरि है और सभी को इसका पालन करना होगा."

पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद सतना शहर के अन्य असामाजिक तत्वों और अपराधियों में भी साफ तौर पर खौफ का माहौल देखा जा रहा है.