दोस्तों संग पार्टी, तालाब किनारे जमी महफिल... फिर रात 9:30 बजे मिली हिस्ट्रीशीटर नब्बू की मौत की खबर, जानें अपनों पर ही क्यों लगे हत्या के आरोप?

विकास दीक्षित

• 12:18 PM • 11 Oct 2026

Navneet Urf Nabbu Murder Case: शहर में खौफ का दूसरा नाम बन चुका हिस्ट्रीशीटर नवनीत उर्फ नब्बू एक दिन अपने ही जिगरी दोस्तों के साथ शराब पार्टी में शामिल हुआ. लेकिन मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि दोस्तों ने ही उसका गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया.

Navneet Urf Nabbu Murder Case
Navneet Urf Nabbu Murder Case
Google CTA

Navneet Urf Nabbu Murder Case: शहर की गलियों में जिसका नाम ही खौफ की निशानी था, आज उसकी अपनी जिंदगी ही दांव पर लग गई थी. नवनीत जिसे लोग प्यार और डर से 'नब्बू' कहकर बुलाते थे, खुद को इलाके का खलनायक मानता था. एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के तौर पर उसकी पहचान थी, लेकिन शायद उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिन दोस्तों के साथ वह हंसता-खेलता था, वही एक दिन उसकी जिंदगी के सबसे बड़े दुश्मन बन जाएंगे. क्या है पूरा मामला और आखिर उस समय पार्टी में ऐसा क्या हुआ था? जानते हैं इस खबर में...

Read more!

शराब पार्टी का प्लान और अचानक बिगड़ा खेल

मिली जानकारी के अनुसार, नवदुर्गा की झांकी के लिए मूर्ति लाने के इरादे से नवनीत घर से निकला था. लेकिन मूर्ति खरीदने से पहले ही उसके दोस्तों ने शराब पार्टी का एक प्लान बना लिया. जगह चुनी गई सिंहवासा तालाब का किनारा. कुछ देर पहले तक वहां महफिल जमी थी और दोस्ती का माहौल था. लेकिन शराब का नशा चढ़ते ही मामूली बात पर ऐसा विवाद छिड़ा कि बात सीधे जानलेवा हमले तक जा पहुंची.

दोस्तों ने ही रेत दिया गला और गवाह बन गए कातिल

आरोप है कि इस खूनी संघर्ष में नब्बू के ही साथी संजू साहू उर्फ संजू, सैमसन और हेमुनी उससे बुरी तरह उलझ गए. विवाद इतना बढ़ा कि पलभर में रिश्तों की सारी दीवारें ढह गईं. आरोप है कि इन साथियों ने चाकू से नब्बू का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. जिस शख्स के साथ वह कुछ मिनट पहले जाम छलका रहा था, वही उसके आखिरी पलों का गवाह नहीं बल्कि मुख्य आरोपी बन गया.

पुलिस की तेज कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी

रात करीब 9:30 बजे कैंट पुलिस को सिंघवासा तालाब के पास एक शख्स की हत्या की सूचना मिली. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया. इसके बाद शुरू हुई आरोपियों की तलाश. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर संजू, सैमसन और हेमू सोनी को उत्तर प्रदेश से धर दबोचा. हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस खौफनाक वारदात की असल वजह से पर्दा उठ सके.

यह भी पढ़ें: भोपाल में रिटायर्ड IAS की हत्या करने वाले आरोपी की तस्वीर आई सामने, गले पर टैटू के क्या है मायने