नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 1 अप्रैल 2026 से टोल टैक्स के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब देशभर के नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर नकद (Cash) भुगतान की सुविधा को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. इसके साथ ही टोल की दरों में भी इजाफा किया गया है, जिससे अब सफर करना थोड़ा और महंगा हो जाएगा.
ADVERTISEMENT
कैश पेमेंट हुआ बंद, अब केवल डिजिटल भुगतान
नए नियमों के अनुसार, अब टोल प्लाजा से केवल वही गाड़ियां गुजर पाएंगी जिन पर FASTag लगा होगा. यदि किसी गाड़ी पर फास्टैग नहीं है या वह ब्लैकलिस्टेड है, तो चालक को कैश देने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे मामलों में चालक को यूपीआई (UPI) या अन्य डिजिटल माध्यमों से ही भुगतान करना होगा. पहले फास्टैग न होने पर दोगुना कैश देकर निकलने की सुविधा थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है.
टोल की दरों में बढ़ोतरी
NH 152D (अंबाला-नारनौल हाईवे) पर तैनात टोल मैनेजर सचिन ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी 1 अप्रैल से टोल दरों में 5 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
- कार/जीप: पहले जहाँ 125 रुपये का चार्ज लगता था, अब वह बढ़कर 130 रुपये हो गया है.
- बड़े वाहन: कमर्शियल और भारी वाहनों की दरों में भी 15 से 20 रुपये तक का इजाफा किया गया है.
NH 152D पर दिखने लगा असर
हरियाणा को राजस्थान और उत्तर भारत से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण हाईवे NH 152D पर इन नियमों का कड़ाई से पालन शुरू हो गया है. यहाँ कुल 16 टोल प्लाजा पड़ते हैं, जहाँ से रोजाना हजारों गाड़ियां गुजरती हैं. टोल अधिकारियों का कहना है कि वे चालकों को जागरूक कर रहे हैं कि वे अपने फास्टैग को अपडेट रखें और उसे ब्लैकलिस्ट होने से बचाएं, अन्यथा टोल पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
यदि आपका फास्टैग डैमेज है या उसमें बैलेंस कम होने की वजह से वह काम नहीं कर रहा है, तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क कर उसे ठीक करवाएं. अब बिना सक्रिय फास्टैग के टोल बैरियर पार करना मुमकिन नहीं होगा.
ADVERTISEMENT


