पन्ना: गरीबी में कट रही थी मजदूरों जिंदगी, खदान में मिला 50 लाख का हीरा, बोले- सबसे पहले पूरा करेंगे ये सपना

दिलीप शर्मा

• 05:47 PM • 12 Aug 2026

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की सरकोहा खदान से 7 मजदूरों की किस्मत एक झटके में बदल गई. उन्हें 16.96 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹50 लाख से अधिक बताई जा रही है. हीरा मिलते ही 3 कुंवारे मजदूरों ने कहा कि वे अब सबसे पहले शादी करेंगे.

पन्ना में मजदूरों की किस्मत चमकी
पन्ना में मजदूरों की किस्मत चमकी
Google CTA

Panna Diamond News:  मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर मजदूर वर्ग की किस्मत बदल दी है. सरकोहा गांव की एक खेत खदान में काम कर रहे सात साथी मजदूरों को 16.96 कैरेट का उच्च गुणवत्ता वाला हीरा मिला है. इस बेशकीमती हीरे की अनुमानित कीमत बाजार में 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. हीरा मिलते ही मजदूरों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने तुरंत इसे पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा करवा दिया.

Read more!

बारिश के दौरान मिट्टी के बीच चमका हीरा

जानकारी के अनुसार, पट्टा धारक अखिलेश पाल (निवासी नारंगी बाग, पुरुषोत्तमपुर) अपने 6 अन्य पार्टनरों के साथ सरकोहा क्षेत्र में खदान चला रहे थे. वे पिछले 10 सालों से हीरे की तलाश में जुटे थे और पिछले दो वर्षों से इस विशेष खदान में खुदाई कर रहे थे. बारिश के दौरान जब अखिलेश पाल खदान की चाल का जायजा लेने पहुंचे तो मिट्टी के बीच चमक रहे इस विशालकाय हीरे पर उनकी नजर पड़ी.

33 से 45 साल के 3 कुंवारे मजदूरों के बजेंगे ढोल-नगाड़े

इस हीरे ने न सिर्फ मजदूरों को आर्थिक तंगी से उबारने का काम किया है, बल्कि 3 कुंवारे मजदूरों के घर बसने का सपना भी पूरा कर दिया है. संतोष कुशवाहा, सरमन पाल और अरुण (उम्र 30 से 45 वर्ष) गरीबी के कारण अब तक शादी नहीं कर पाए थे. हीरा मिलने के बाद तीनों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गरीबी के चलते अब तक कोई रिश्ता नहीं आता था, लेकिन अब इस पैसे से सबसे पहले शादी करेंगे और अपने मां-बाप के लिए बहू लाएंगे.

अक्टूबर के पहले सप्ताह में होगी नीलामी

हीरा पारखी और अधिकारियों के अनुसार, 16.96 कैरेट का यह हीरा अत्यंत दुर्लभ और उत्तम किस्म का है. इसे पन्ना हीरा कार्यालय में सुरक्षित रखवा दिया गया है. अक्टूबर 2026 के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय सरकारी नीलामी में इसे रखा जाएगा. नीलामी के बाद शासकीय नियमानुसार रॉयल्टी और टैक्स काटकर बाकी पूरी राशि सातों पार्टनरों के खातों में बराबर-बराबर बांट दी जाएगी.

यह भी पढ़ें:  कटनी की 'मिस्टी गर्ल' अर्चना तिवारी केस में आया हाईकोर्ट का फैसला! पति के साथ रहने की मिली इजाजत