पन्ना में सीट बेल्ट का चालान कटा तो पूर्व DSP ने पुलिस पर तानी बंदूक, पत्नी ने भी किया कुछ ऐसा की वीडियो हुआ वायरल

Panna Viral Video: पन्ना में सीट बेल्ट चालान को लेकर हुआ बवाल. रिटायर्ड DSP ने पुलिस पर तान दी बंदूक, पत्नी ने भी किया हंगामा. निवेदिता नायडू के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज. जानें पूरा मामला और वायरल वीडियो की पूरी कहानी.

Panna Viral Video
Panna Viral Video

दीपक शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून की रक्षा करने वाले एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने खुद ही कानून की धज्जियां उड़ा दीं. नेशनल हाईवे 39 पर मड़ला थाना के सामने चेकिंग के दौरान एक रिटायर्ड डीएसपी (DSP) ने मामूली सीट बेल्ट के चालान पर इस कदर हंगामा किया कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अपनी लाइसेंसी बंदूक तान दी. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूर्व अधिकारी और उनकी पत्नी पुलिस के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे हैं.

Read more!

सीट बेल्ट पर विवाद और बंदूक की धमकी

जानकारी के अनुसार, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मड़ला पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मैहर के रहने वाले रिटायर्ड पुलिस अधिकारी भरत सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ कार से वहां से गुजर रहे थे. पुलिस ने जब उन्हें सीट बेल्ट न लगाने पर रोका और चालान काटने की बात कही, तो पूर्व अधिकारी अपना आपा खो बैठे. उन्होंने नियमों का पालन करने के बजाय अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और पुलिसकर्मियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया. वीडियो में देखा जा सकता है कि उनकी पत्नी भी पुलिस पर रौब झाड़ रही हैं और बंदूक दिखाकर 'समझाने' की बात कह रही हैं, जबकि वह बंदूक उनके नाम पर नहीं थी.

पुलिस की सूझबूझ और SP की सख्त कार्रवाई

तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने धैर्य से काम लिया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया. पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं. एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह आम नागरिक हो या पूर्व पुलिस अधिकारी. उन्होंने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

'रसूख' पर भारी पड़ा कानून

आरोपी भरत सिंह चौहान पहले नागौद में थाना प्रभारी रह चुके हैं और वर्तमान में सतना जिले के मैहर में रहते हैं. एसपी निवेदिता नायडू ने जनता को संदेश देते हुए कहा कि यातायात नियम सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, न कि उल्लंघन कर रसूख दिखाने के लिए. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि वर्दी या पुराने पद का रौब दिखाकर कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पूर्व अधिकारी की मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही हैं.

    follow google news