मध्य प्रदेश के इंदौर के चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. जिस पत्नी पर अपने ही सुहाग को हनीमून के दौरान मौत के घाट उतारने की साजिश रचने का गंभीर आरोप था, उसे अब कानून से बड़ी राहत मिल गई है. मेघालय की शिलांग जेल में पिछले एक साल से बंद मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट ने जमानत दे दी है. यह वही मामला है जिसने साल 2025 में पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था, जब एक नवविवाहित जोड़ा खुशियां मनाने पहाड़ों पर गया था लेकिन वहां से केवल पति की लाश लौटी थी.
ADVERTISEMENT
हनीमून बना डेथ ट्रैप
इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम की शादी मई 2025 में हुई थी. शादी के बाद दोनों मां कामाख्या के दर्शन करने गए और फिर हनीमून के लिए शिलांग पहुंचे. कुछ ही दिनों बाद परिवार का उनसे संपर्क टूट गया और दोनों रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए. सोशल मीडिया पर चली बड़ी मुहिम के बाद शिलांग पुलिस ने जब तलाश शुरू की, तो राजा की स्कूटी और फिर उनका शव बरामद हुआ. मौके से सोनम की शर्ट भी मिली थी, जिसने इस हत्याकांड को और भी पेचीदा बना दिया था.
प्रेमी के साथ मिलकर रची थी खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ था कि सोनम रघुवंशी का अपने ही भाई की फैक्ट्री में काम करने वाले राज कुशवाहा के साथ अवैध संबंध था. आरोप है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज और उसके साथियों के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. एक सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था कि जब राजा और सोनम ट्रैकिंग कर रहे थे, तब राज कुशवाहा और उसके साथी उनके पीछे-पीछे चल रहे थे.
गाजीपुर के ढाबे से हुई थी पहली बरामदगी
9 जून को सोनम रघुवंशी अचानक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर बदहवास हालत में मिली थी. वहां से उसने अपने भाई को फोन किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. शिलांग पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद इस पूरी मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठाया और सोनम सहित कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया था.
कोर्ट का फैसला और परिवार की मांग
शिलांग कोर्ट में चली सुनवाई और पुलिस की चार्जशीट के बाद अब सोनम को जमानत मिल गई है. इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही बेल मिल चुकी थी. जहां एक तरफ सोनम जेल से बाहर आने वाली है, वहीं राजा रघुवंशी का परिवार अब भी न्याय की गुहार लगा रहा है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़ा हुआ है.
ADVERTISEMENT


