भोपाल में रैपिडो चालक की घिनौनी हरकत, बुकिंग रद्द करने पर भेजा अश्लील फोटो, बोला- 'हिंदु लड़कियां ऐसी ही होती हैं'

28 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 28 2026 1:47 PM)

राजधानी भोपाल के बागसेवनिया इलाके में रैपिडो राइड कैंसिल करने पर एक चालक ने युवती को गालियां दीं, धमकियां दीं और अश्लील तस्वीर भेजी. पुलिस द्वारा पांच दिन तक कार्रवाई न करने पर बजरंग दल के हस्तक्षेप के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.

Rapido Ride
Rapido Ride
Google CTA

ऑनलाइन बाइक टैक्सी का इस्तेमाल करना कभी-कभी कितना खतरनाक साबित हो सकता है इसकी एक डराने वाली बानगी भोपाल के बागसेवनिया इलाके में देखने को मिली है. यहां एक युवती ने जब रैपिडो (Rapido) की एक बुकिंग रद्द की तो गुस्से में आकर चालक ने सारी हदें पार कर दीं. आरोपी ने न सिर्फ युवती को फोन पर गंदी-गंदी गालियां दीं, बल्कि उसे धमकाते हुए अपने गुप्तांग की अश्लील तस्वीर भी भेज दी. हैरानी की बात यह है कि पुलिस थाने में शिकायत देने के पांच दिनों तक भी जब कोई एक्शन नहीं हुआ तब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को बीच-बचाव के लिए थाने पहुंचना पड़ा.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, युवती ने अपना कुछ सामान एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी. लेकिन ड्राइवर गलती से किसी दूसरी लोकेशन पर पहुंच गया. वहां पहुंचने के बाद उसने युवती से एक्स्ट्रा फेयर (अतिरिक्त किराया) मांगने की जिद पकड़ ली. युवती को यह बात सही नहीं लगी और उसने राइड को बीच में ही कैंसिल कर दिया.

बस, यहीं से विवाद शुरू हो गया. राइड कैंसिल होते ही ड्राइवर मोहम्मद मुस्तकीन के सिर पर खून सवार हो गया.

बदसलूकी और अश्लील हरकतें

पीड़ित युवती का आरोप है कि चालक ने फोन करके उसे निशाना बनाया और बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. उसने कहा,"तुम हिंदू लड़कियां ऐसी ही होती हो..." इसके बाद उसने गालियों की बौछार कर दी और हद तो तब हो गई जब उसने चैटिंग या कॉलिंग के दौरान अपने गुप्तांग की एक अश्लील फोटो भी भेज दी. ड्राइवर लगातार फोन करके युवती को डराता और धमकाता रहा, जिससे वह बुरी तरह सहम गई.

पांच दिन तक पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

इस खौफनाक अनुभव के बाद युवती तुरंत बागसेवनिया थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की लिखित शिकायत दी. लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस गंभीर मामले में भी सुस्ती दिखाई और पूरे पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.

जब स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई, तो पीड़िता ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया. संगठन के लोग जब भारी संख्या में थाने पहुंचे और हंगामा किया, तब जाकर पुलिस हरकत में आई और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज की गई.

पुलिस का क्या कहना है?

इस पूरे मामले पर बागसेवनिया थाने के प्रभारी अमित सोनी ने मीडिया को बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस के पास जो भी डिजिटल सबूत (चैट और कॉल्स की डिटेल) हैं, उनके आधार पर आगे की तफ्तीश की जा रही है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी ड्राइवर को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिसकी तलाश जारी है.

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल

इस घटना ने एक बार फिर से राइड-शेयरिंग और कैब-बाइक ऐप्स के जरिए सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा और प्राइवेसी पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. जब एक मामूली सी राइड कैंसिल होने पर कोई ड्राइवर इतनी घटिया हरकत पर उतर आए, तो ऐप कंपनियों के जरिए सफर करने वाली आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे ही नजर आती है. इस मामले में पुलिस की शुरुआती लाचारी और ढिलाई भी कई तरह के गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

ये भी पढ़ें: MCU परिसर में महिला कर्मचारी के पति का गंदा काम, छात्रा को झांसा देकर बनाया हवस का शिकार !