चंबल में मंत्री के इलाके के पोलिंग बूथ पर हुआ री-पोल, मतदान पहले से घटकर रह गया आधा

हेमंत शर्मा

21 Nov 2023 (अपडेटेड: Nov 21 2023 1:35 PM)

चंबल के एक पोलिंग बूथ पर मंगलवार को री-पोल कराया गया. भिंड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के किशूपुरा गांव की पोलिंग बूथ पर ये री-पोल हुआ

Uncover inside story Ater assembly seat polling station re-voting mp election 2023
Uncover inside story Ater assembly seat polling station re-voting mp election 2023
Google CTA

MP Election 2023: चंबल के एक पोलिंग बूथ पर मंगलवार को री-पोल कराया गया. भिंड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के किशूपुरा गांव की पोलिंग बूथ पर ये री-पोल हुआ. इस विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी और शिवराज सरकार के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया चुनावी मैदान में हैं और उनके सामने हैं कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे. दोनों ही प्रत्याशियों ने अलग-अलग पोलिंग बूथ के कैप्चर किए जाने की शिकायतें निर्वाचन आयोग से की थीं, जिसके बाद मंत्री अरविंद भदौरिया की शिकायत का संज्ञान लेकर किशूपुरा पोलिंग बूथ पर री-पोल कराने का निर्णय निर्वाचन आयोग ने लिया.

Read more!

भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के किशूपुरा गांव में पोलिंग नंबर 71 पर मंगलवार को रिपोल संपन्न हुआ. सुबह सात से शाम पांच बजे तक वोटिंग हुई और इस दौरान कुल 1223 में से 577 मत पड़े. 47.1% मतदान हुआ. जबकि 17 नवंबर को इस पोलिंग बूथ पर कुल 89% मतदान हुआ था. उस दिन 1103 मत पड़े थे और री-पोल में सिर्फ 577 मत पड़े.

ये आंकड़े बताते हैं कि री-पोल के दौरान हुआ मतदान लगभग आधा ही रह गया. जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि वोटिंग शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले सुबह 5.30 बजे पहले मॉकपोल हुआ. फिर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई. इस विधानसभा सीट पर कुल 38 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. इनमें से 30 प्रत्याशी निर्दलीय हैं.

इस शिकायत के बाद हुआ री-पोल

मंत्री अरविंद भदौरिया ने निर्वाचन आयोग को शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 नवंबर को हुई वोटिंग के दौरान इस पोलिंग बूथ पर कुछ ऐसे लोग घुस आए थे, जिन्होंने मतदाताओं को धमका कर मत पर्चियां एकत्रित कर वोटिंग को प्रभावित किया था. एक वीडियो भी इससे संबंधित जारी हुआ था. जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस पोलिंग बूथ पर री-पोल कराने का निर्णय लिया.

हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे ने भी 16 पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान होने और बूथ कैप्चरिंग की शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन निर्वाचन आयोग ने उनकी शिकायत पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है लेकिन मंत्री अरविंद भदौरिया की शिकायत पर आयोग ने री-पोल कराया है.

ये भी पढ़ें- कमलनाथ जीतेंगे या हारेंगे? इस पर भी लग गया 10 लाख का सट्‌टा, जानें किसने लगाई ऐसी शर्त