रीवा: 2021 में ही किया था लव मैरिज, पति ने दम तोड़ा तो खबर सुनते ही उत्तराखंड में पत्नी की भी संदिग्ध मौत

मध्य प्रदेश के रीवा में दिल का दौरा पड़ने से एक युवक की अचानक मौत हो गई. पति के निधन की खबर मिलते ही उत्तराखंड में मौजूद उनकी पत्नी की भी सदमे के कारण महज 5 मिनट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

रीवा से आई हैरान करने वाला मामला
रीवा से आई हैरान करने वाला मामला

हरिओम सिंह

follow google news

'साथ जिएंगे-साथ मरेंगे' की कसमें तो अक्सर लोग खाते हैं लेकिन मध्य प्रदेश के रीवा और उत्तराखंड से एक ऐसा हैरान और बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गई हैं. रीवा के रहने वाले एक युवक की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. लेकिन इस प्रेम कहानी का सबसे दर्दनाक मोड़ तब आया, जब पति के निधन की खबर सैकड़ों किलोमीटर दूर उत्तराखंड में बैठी उसकी पत्नी को मिली. पति की मौत का सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर सकी और खबर मिलने के महज कुछ ही मिनटों के भीतर उसकी भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

Read more!

बाथरूम में अचेत मिले थे प्रदीप

दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना मध्य प्रदेश के रीवा शहर के अनंतपुर क्षेत्र की है. जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार सोनी रविवार सुबह रोज की तरह अपने घर के बाथरूम में गए थे. जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आए, तो घर में मौजूद मेड (कामवाली बाई) को चिंता हुई. उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल या आवाज नहीं आई. मेड ने तुरंत पड़ोसियों और प्रदीप के परिजनों को इसकी सूचना दी.

मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब किसी तरह बाथरूम का दरवाजा तुड़वाया, तो अंदर प्रदीप अचेत अवस्था में पड़े मिले. उन्हें तत्काल संजय गांधी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक, प्रदीप की मौत कार्डियक अरेस्ट यानी दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई थी.

2021 में किया था प्रेम विवाह, अटूट था रिश्ता

परिजनों ने बताया कि प्रदीप और वैशाली ने साल 2021 में प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था. दोनों के बीच बेइंतहा मोहब्बत, अटूट विश्वास और एक मजबूत भावनात्मक रिश्ता था. प्रदीप कुछ ही दिन पहले अपनी पत्नी वैशाली को उत्तराखंड स्थित उनके मायके छोड़कर वापस रीवा लौटे थे. लेकिन किसे पता था कि यह खूबसूरत प्रेम कहानी इतनी जल्दी और इस खौफनाक मोड़ पर आकर खत्म हो जाएगी.

मौत की खबर सुनते ही 5 मिनट में खत्म हो गई पत्नी की जिंदगी

प्रदीप की मौत के बाद रीवा से परिजनों ने उत्तराखंड में मौजूद उनकी पत्नी वैशाली को फोन पर इस दुखद हादसे की जानकारी दी. पहले तो वैशाली को बताया गया था कि प्रदीप की तबीयत ठीक नहीं है, जिसके बाद वह रीवा आने के लिए अपनी पैकिंग कर रही थीं. लेकिन जैसे ही उन्हें यह अंतिम सूचना मिली कि प्रदीप अब इस दुनिया में नहीं रहे, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

वैशाली इस बड़े सदमे और जिंदगी के सबसे गहरे दुख को सहन नहीं कर सकीं. बताया जा रहा है कि पति के निधन की खबर मिलने के महज 5 मिनट के भीतर ही वैशाली का शव संदिग्ध हालत में एक तालाब में मिला.

दोनों राज्यों में पसरा मातम

एक ही परिवार में महज कुछ ही घंटों और मिनटों के अंतराल में हुई इन दो मौतों से मध्य प्रदेश के रीवा और उत्तराखंड, दोनों ही जगहों पर परिवार गहरे सदमे में डूबे हुए हैं. वहीं, इस बेइंतहा प्रेम, समर्पण और एक-दूसरे के बिना न जी पाने के इस भावनात्मक जुड़ाव की कहानी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. इस हृदय विदारक घटना ने जहां दो परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है, वहीं पूरे इलाके में गम का माहौल है. लोग नम आंखों से इस दिवंगत दंपती को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.


 

    follow google news