सीधी: मध्य प्रदेश के रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में दिनदहाड़े एक ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया, जिसने राज्य की सीमा सुरक्षा और पुलिस इनपुट सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है. तीन गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने ओडिशा पुलिस के वाहन को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की, जवानों पर बेसबॉल बैट से हमला किया और उनकी आंखों में मिर्ची जैसा स्प्रे झोंक दिया. इसके बाद बदमाश 1.5 करोड़ रुपये के गांजा कांड के मुख्य सरगना आदित्य मिश्रा को हथकड़ी समेत छुड़ाकर फरार हो गए.
ADVERTISEMENT
एक्शन फिल्म जैसा था पूरा घटनाक्रम
ओडिशा पुलिस की 7 सदस्यीय टीम जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर, चार जवान और दो ड्राइवर शामिल थे, NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कुख्यात ड्रग माफिया आदित्य मिश्रा को कोर्ट में पेशी के लिए रीवा ला रही थी.
सुबह करीब 11:30 बजे, जैसे ही पुलिस की गाड़ी छुहिया घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने तीन वाहनों से पुलिस की गाड़ी को ओवरटेक कर चारों तरफ से घेर लिया. जब तक जवान कुछ समझ पाते, बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी. इसके तुरंत बाद हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची स्प्रे झोंका और बेसबॉल बैट से हमला कर उन्हें पूरी तरह पस्त कर दिया. जवानों के संभलने से पहले ही बदमाश आदित्य मिश्रा को लेकर रफूचक्कर हो गए.
कौन है 1.5 करोड़ का गांजा किंग आदित्य मिश्रा उर्फ 'सांवरिया सेठ'?
रीवा का रहने वाला आदित्य मिश्रा उर्फ 'सांवरिया सेठ' अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का बड़ा चेहरा है. उसके खिलाफ मध्य प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों में NDPS एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं.
ओडिशा कनेक्शन: ओडिशा के कंधमाल जिले के गोछापड़ा थाने में 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के 1,470 किलोग्राम गांजे की बरामदगी के मामले में पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी.
कैसे हुई थी गिरफ्तारी? इस केस में पहले एक ट्रक चालक योगेश मीणा को गिरफ्तार किया गया था. उसकी तकनीकी कॉल डिटेल और इनपुट के आधार पर पुलिस 'सांवरिया सेठ' तक पहुंची थी. हाल ही में पुलिस ने उसे उसकी स्कॉर्पियो-एन गाड़ी के साथ रीवा से गिरफ्तार किया था.
इनामी अपराधी: पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पूर्व में 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी भी रह चुका है.
लीक हुई टाइमिंग और रूट! पुलिस इनपुट सिस्टम पर बड़े सवाल
इस दुस्साहसिक हमले ने पुलिस महकमे के सुरक्षा चक्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर बदमाशों को ओडिशा पुलिस के इस गुप्त काफिले और आदित्य मिश्रा की मूवमेंट की पल-पल की लोकेशन कैसे मिल रही थी? क्या पुलिस के ही किसी इनपुट या लोकल नेटवर्क से रूट और टाइमिंग लीक की गई थी?
हाई अलर्ट पर रीवा-सीधी; मैहर की तरफ भागे बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान और सीधी एसपी संतोष कोरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. शुरुआती जांच के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मैहर की दिशा में भागे हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रीवा, सीधी, शहडोल और आसपास के सभी सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के जरिए इस्तेमाल की गई तीनों गाड़ियों की पहचान की जा रही है.
फिलहाल पुलिस महकमे के सामने सबसे बड़ी चुनौती हथकड़ी समेत फरार हुए इस 1.5 करोड़ के गांजा किंग को दोबारा गिरफ्तार करना और इस दुस्साहसिक हमले में शामिल बदमाशों को बेनकाब करना है.
ADVERTISEMENT


