दर्जा प्राप्त मंत्री को टोलकर्मियों ने धमका दिया, Viral वीडियो में टोलकर्मी बोल रहा- 'पी के तो साहब आप रखे हैं '

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित जुगनिहाई टोल प्लाजा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन और भाजपा नेता संजय नगाइच व टोल कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक दिख रही है. जानें 17-18 अक्टूबर की रात हुए इस पूरे विवाद की सच्चाई और दोनों पक्षों के आरोप.

Sanjay Nagayach News
Sanjay Nagayach News
Google CTA

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से सत्ता और पद के रौब से जुड़ा एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो मध्य प्रदेश वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन और भाजपा नेता संजय नगाइच और टोल प्लाजा कर्मचारियों के बीच हुई तीखी बहस का है. वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. 

Read more!

क्या है पूरा मामला? 

जानकारी के मुताबिक, वायरल तस्वीरें रीवा के जुगनिहाई टोल प्लाजा की हैं. घटना 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे की बताई जा रही है, जब टोल बूथ पर एक गाड़ी रुकने के बाद विवाद शुरू हुआ.  वीडियो में भाजपा नेता संजय नगाइच टोल कर्मचारियों को अपने पद का हवाला देते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि क्या वे एमपी वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन को नहीं जानते और क्या पी रखी है ? 

इस पर टोल कर्मचारियों ने भी पलटवार करते हुए जवाब दिया कि, पी के तो आप रखे हैं साहब. बहस बढ़ने पर वीडियो में संजय नगाइच कर्मचारियों से सीधे रीवा कलेक्टर को फोन लगाने की बात भी कहते दिखाई दे रहे हैं. टोल कर्मियों का आरोप है कि चेयरमैन शुरुआत में टोल टैक्स नहीं देना चाहते थे और पद का प्रभाव दिखा रहे थे, हालांकि बाद में उन्होंने शुल्क का भुगतान कर दिया. 

एक महीने बाद क्यों सामने आया वीडियो? 

17-18 अक्टूबर की इस घटना का वीडियो करीब एक महीने बाद मंगलवार शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. टोल कर्मचारियों और स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के तुरंत बाद टोल संचालित करने वाली MARCO कंपनी ने कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से मौखिक शिकायत की थी. कंपनी ने कर्मचारियों को कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन एक महीने तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज कर्मचारियों ने व्हाट्सएप के जरिए यह वीडियो वायरल कर दिया. 

संजय नगाइच का पक्ष और टोल कर्मियों पर आरोप 

दूसरी ओर, संजय नगाइच और उनके स्टाफ ने टोल कर्मचारियों के आरोपों को खारिज करते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. संजय नगाइच के वाहन चालकों ने टोल कर्मियों पर मारपीट, अभद्र व्यवहार, धमकी देने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है. इस संबंध में 19 अक्टूबर को थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत भी दी गई थी, जिसमें टोल ऑपरेटर और टोल इंचार्ज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी. 

फोन पर हुई बातचीत में संजय नगाइच ने बताया कि यह वीडियो करीब एक माह पुराना है. उनके अनुसार, टोल शुल्क चुकाने के बावजूद कर्मचारियों ने काफी देर तक बैरियर नहीं खोला और दादागिरी करने की कोशिश की, जिसका उन्होंने जनहित में विरोध किया. फिलहाल इस पूरे मामले पर रीवा के प्रशासनिक अधिकारी और पन्ना के पुलिस अफसर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. 

विवादों और कार्यशैली को लेकर पहले भी चर्चा में रहे हैं नगाइच 

पन्ना के रहने वाले संजय नगाइच का सियासी सफर पहले भी सुर्खियों में रहा है. पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते भाजपा उन्हें तीन बार निष्कासित कर चुकी है, लेकिन सियासी समीकरणों के चलते पार्टी में उनकी वापसी हुई और उन्हें एमपी वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन का अध्यक्ष बनाया गया. 

अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के करीब 100 वेयर हाउसों का औचक निरीक्षण करने का दावा किया था. इसी क्रम में वे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के वेयर हाउस भी पहुंचे थे, जहां आग बुझाने के इंतजाम न होने पर उन्होंने खामियां निकालते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे. हालांकि, उसी दौरान उनके अपने गृह जिले के बड़ा गांव और लक्ष्मीपुर खरीदी केंद्रों का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें खुले आसमान के नीचे रखा हजारों क्विंटल धान बारिश में भीगकर सड़ने और बोरियों में पौधे उग आने की तस्वीरें सामने आई थीं. अब टोल प्लाजा के इस वायरल वीडियो के बाद एक महीने तक दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई न होने को लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.