MP News: शादी के लिए कोई दूल्हा दुल्हन के द्वार पर तोरण मारने आये और दरवाजे पर ताला लटका मिले तो उसकी क्या हालत होगी ? जिन बारातियों को द्वारचार पर अपने स्वागत सत्कार की उम्मीद हो उन्हें दुल्हन की तलाश में थाने जाना पड़े तो उन्हें कैसा महसूस होगा? खण्डवा में आज एक अजीबोगरीब वाकया हुआ. जब यहां मोघट थाने के पास बारातियों से भरी एक बस आकर रुकी. दुल्हन की गुमशुदगी की रिपोर्ट कराने दूल्हा थाने में पहुंचा. मामला दर्ज कराने के बाद बारात को बेरंग लौटना पड़ा चूंकि दुल्हन सहित वधु पक्ष के सभी लोग ही लापता थे.
ADVERTISEMENT
शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुआ युवक दीपक परमार इंदौर के बेटमा के पास एक गांव का रहने वाला है. उसके दोस्त ने कुछ दिन पहले अपनी रिश्तेदारी में एक खण्डवा की लड़की पूजा का प्रस्ताव दिया था. इस पर वे उसे देखने पंद्रह दिन पहले आये थे. लड़की पसंद आने के बाद उन्होंने लड़की वालों को भी अपने घर बुलाया, तब रिश्ता तय हुआ और 23 जून की शादी तय हुई. लेकिन जब वे बारात लेकर पहुंचे तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा.
शादी के नाम पर ठगी
शादी की तैयारियों के बीच लड़की के परिजनों ने शादी के लिए 75 हज़ार रुपयों की उनसे मांग की तो उन्होंने वह राशि भी अकाउंट में ट्रांसफर कर दी. शादी के लिए कपड़े भी दिलाए. जब विवाह की तय तारीख 23 जून को दीपक बारात लेकर पूजा के द्वार पर आया तो स्वागत तो छोड़िए वहां दुल्हन समेत उसका पूरा परिवार गायब था. जब दुल्हन वाले घर पर ताला लगा देखा तब सबका माथा ठनका कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं.
घर छोड़कर हुए फरार
जब दुल्हन के घर पर ताला लटका मिला तो पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दुल्हन का परिवार दो दिन पहले ही किराये के मकान को खाली कर कहीं चले गए हैं. जब मकान मालिक से संपर्क कर घर खुलवाया तो वहां कुछ भी नहीं उन्होंने नहीं छोड़ा था. इसके बाद बारातियों समेत दूल्हा रामेश्वर पुलिस चौकी पहुंचा और अपना दुखड़ा सुनाया. उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत में कहा कि वे ठगी और धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं. उन्होंने दुल्हन पूजा के पिता राहुल उर्फ़ परसराम यादव के खिलाफ कार्यवाही की मांग की. पुलिस ने उनका आवेदन स्वीकार करते हुए नियमानुसार कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया है.
ये भी पढ़ें: अजब-गजब MP: जिंदा व्यक्ति ने अपनी फोटो पर लिखवाया स्वर्गीय, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
ADVERTISEMENT

