सागर जहरीली शराब कांड: एक और आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, हथियार-जिंदा कारतूस बरामद

न्यूज तक डेस्क

• 03:55 PM • 13 Sep 2026

मध्य प्रदेश के सागर जहरीली शराब कांड के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने शार्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

NewsTak
आरोपी को एनकाउंटर में पकड़ा गया.
Google CTA

MP news: मध्यप्रदेश पुलिस को सागर जहरीली शराब कांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है. सागर पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पुलिस की टीम को देखकर तीन फायर किए. जवाब फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी. पुलिस ने आरोपी शिवांजय के कब्जे से 315 बोर देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस बरामद किए. पुलिस ने उसका मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. गिरफ्तार आरोपी पूर्व से ही शराब तस्कर है. उसके ऊपर 3 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं. 

Read more!

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर जहरीली शराब मामले को लेकर स्पष्ट कह चुके हैं कि यह घटना दुखद है. कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार सख्त है. प्रशासन को इस कांड के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा चुके हैं. इस घटना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस कांड के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस मामले में हो रही कार्रवाई की पल-पल मॉनिटरिंग की. 

पुलिस ने की घेराबंदी 

बता दें, 13 सितंबर को तड़के बहरोल थाने की पुलिस को सूचना मिली कि सागर शराब प्रकरण का आरोपी शिवंजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में है. संभावना है कि वह मुख्य मार्ग बंडा-बहरोल से निकलकर अपने घर छापरी थाना बंदा जाए. यह सूचना मिलते ही एसपी ने थाना बान्द्री प्रभारी सतेन्द्र  सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने, आसपास के थाना प्रभारियों को आवश्यक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. पुलिस की टीमों ने वहां चारों तरफ घेराबंदी कर दी. 

आरोपी ने की फायरिंग 

पुलिस टीम को देखकर आरोपी शिवांजय राजपूत ने फायरिंग शुरू कर दी. उसने पुलिस की टीम पर तीन फायर किया. उसकी फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड गोली चलाई. इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लग गई. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. आरोपी राजपूत को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस, एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.