Suraj Jatav Satna Case: मध्य प्रदेश के सतना जिले में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. सतना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट गेट के सामने स्कूटी से जा रही एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज डेढ़ घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया.
ADVERTISEMENT
बातचीत बंद करने से नाराज था एक्स बॉयफ्रेंड
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे की है. पीड़िता अपनी स्कूटी से जा रही थी, तभी गवारी तिराहे के आगे पीछे से आए एक युवक ने उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया. पीड़िता के अनुसार शुरुआत में उसे समझ ही नहीं आया कि उस पर हमला किसने किया है क्योंकि आरोपी पीछे से आया था और वार करके तुरंत भाग निकला.
मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित युवती के बीच पिछले करीब 2 साल से बातचीत थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. हालांकि कुछ समय पहले युवती ने आरोपी से बातचीत करना पूरी तरह बंद कर दिया था. इसी बात से आरोपी बुरी तरह नाराज चल रहा था. 24 सितंबर की सुबह जब आरोपी ने युवती को रोका और युवती ने बात करने से इंकार किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
पुलिस ने डेढ़ घंटे में आरोपी को दबोचा, भेजा जेल
घटना के तुरंत बाद घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक युवती की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आई और आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गईं.
कोतवाली थाना प्रभारी की टीम ने टिकुरिया टोला इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान सागर उर्फ सूरज जाटव के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती के साथ अपने पुराने संबंधों का हवाला दिया और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.
इनपुट: वेंकटेश द्विवेदी
यह भी पढ़ें: खंडवा में पटवारी का महाघोटाला, गांव की बावड़ी-चबूतरे समेत 51 पट्टे खुद और पत्नी के नाम किए
ADVERTISEMENT


