सतना: मैहर में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन में बड़ा हादसा, पुतला दहन के दौरान यातायात प्रभारी की वर्दी में लगी आग, वीडियो आया सामने

वेंकटेश द्विवेदी

20 Feb 2026 (अपडेटेड: Feb 20 2026 6:48 PM)

Traffic incharge burnt: मैहर में बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन में बड़ा हादसा हो गया. पुतले की आग यातायात प्रभारी विक्रम पाठक की वर्दी में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए. अफरा-तफरी के बीच उनके टीम ने जान बचाई.

NewsTak
प्रदर्शन के दौरान पुतले की आग में झुलसे यातायात प्रभारी.
Google CTA

सतना जिले के मैहर में उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रभारी की वर्दी में आग लग गई. वे आग से बचने के लिए तेजी से दौड़कर भागे. पीछे से उनकी टीम उनके पीछे दौड़ी और आग पर काबू पाया. हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे. 

Read more!

 मामला मैहर के अलाउद्दीन तिराहे का है. यहां शुक्रवार को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान हादसा हो गया. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ पुतला दहन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ड्यूटी पर तैनात यातायात प्रभारी (Traffic In-charge) विक्रम पाठक इस प्रदर्शन की भेंट चढ़ गए. पुतले में आग लगाते समय हुई अफरा-तफरी में उनकी वर्दी ने आग पकड़ ली, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए.  

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के मंत्रियों राजेंद्र शुक्ल, विजय शाह और कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला दहन कर रहे थे. इसी दौरान जब पुतले में आग लगाई गई, तो कथित तौर पर पेट्रोल के छींटे यातायात प्रभारी विक्रम पाठक की वर्दी पर पड़ गए. देखते ही देखते आग भड़क उठी और अधिकारी की पीठ और शरीर के निचले हिस्से में आग लग गई. 

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आग लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई. वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई. घायल अधिकारी को तुरंत मैहर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, वे काफी हद तक झुलस गए हैं, लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. 

घटना के बाद प्रशासन में है भारी रोष

घटना के बाद पुलिस प्रशासन में भारी रोष है. पुलिस अधिकारी ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं.
इस घटना के बाद शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए अलाउद्दीन तिराहे और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पुतला दहन के दौरान ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग किस तरह किया गया और क्या यह कोई सोची-समझी साजिश थी. 

दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई- कलेक्टर रानी बंसल

मैहर कलेक्टर रानी बंसल ने यातायात प्रभारी विक्रम पाठक के झुलसने की घटना कहा कि आज मैहर में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ. उन्होंने बताया कि यातायात प्रभारी विक्रम पाठक वहां कानून-व्यवस्था (Law and Order) की ड्यूटी में तैनात थे और पुतला दहन की कार्रवाई के दौरान ही अचानक उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली. कलेक्टर ने आगे स्पष्ट किया कि ऐसी जानकारी सामने आई है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा पुतले में आग लगाने के लिए पेट्रोल या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग किया गया था. उन्होंने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जाएगी और जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार या दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रदर्शन की अनुमति के विषय में उन्होंने जानकारी दी कि प्रदर्शनकारियों द्वारा पुतला दहन को लेकर केवल सूचना दी गई थी. 

अतिउत्साही लोगों ने पुतले पर छिड़का पेट्रोल- SP

मैहर के पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश प्रताप सिंह ने यातायात प्रभारी विक्रम पाठक के झुलसने की घटना पर कहा कि आज सुबह पुतला दहन का एक कार्यक्रम था. इसकी पूर्व सूचना दी गई थी, जो प्रतीकात्मक तौर पर संपन्न होना था. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ अति उत्साही लोगों ने पुतले में पेट्रोल डाल दिया था. जब यातायात प्रभारी विक्रम पाठक ने आग लगने से रोकने और सार्वजनिक मार्ग पर लोगों को होने वाली संभावित हानि को बचाने के लिए पुतला छीनने का प्रयास किया, तो पुतला दो टुकड़ों में बंट गया. इसके बावजूद लोगों ने पेट्रोल का उपयोग जारी रखा, जिससे अचानक आग भभक गई और पाठक इसकी चपेट में आकर झुलस गए. 

एसपी ने आगे जानकारी दी कि घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी वर्दी अलग कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि उनकी स्थिति बहुत गंभीर नहीं है, लेकिन उनकी कमर और पेट का हिस्सा झुलसा है और हाथों में भी चोटें आई हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर पेट्रोल जैसे सृष्टिकारी (ज्वलनशील) पदार्थ का उपयोग दंडनीय है, इसलिए वीडियो फुटेज और गवाहों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध लापरवाही और उपेक्षापूर्ण कृत्य की धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिसकर्मियों पर इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं किए जायेंगे.  

MBA छात्रा को न्यूड कर मारने वाला ‘किलर बॉयफ्रेंड’ सेंट्रल जेल में बंद, इस धारा के तहत मामला दर्ज, जानें कितने साल की होगी सजा?