मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नागौद राजघराने से जुड़ी परसमनिया गढ़ी में पारिवारिक कलह ने खूनी रूप ले लिया. राजघराने के सदस्य रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की दो पत्नियों के बीच चल रहा पुराना विवाद इस कदर बढ़ा कि बात सीधे गोलीबारी तक पहुंच गई. इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, नागौद राजघराने से जुड़े रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह और उनकी कथित दूसरी पत्नी सुनीता सिंह (सुनीता परिहार) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. 12 जून की दोपहर को परसमनिया गढ़ी स्थित फार्म हाउस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत और बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान सुनीता सिंह ने कमरे के अंदर से खिड़की के जरिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
पेट में लगी गोली, हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल महिला के परिवार के अनुसार, करीब 9 राउंड फायर किए गए. इनमें से एक गोली योगिता सिंह के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं. घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल योगिता सिंह को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया. रीवा के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके पेट में फंसी गोली को बाहर निकाला है, फिलहाल उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं.
दामाद बाहर से चिल्ला रहा था- मारो मारो
घायल योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी ने अपनी ही बेटी के पति (दामाद) रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया,
"हमारी बेटी की शादी साल 2000 में हुई थी और उनका 25 साल का एक बेटा भी है. रूपेंद्र सिंह ने सुनीता परिहार नाम की महिला को पिछले कई सालों से अपने साथ रखा हुआ है. जब यह वारदात हुई, तो दामाद बाहर खड़ा होकर चिल्ला रहा था कि 'मारो-मारो'. सुनीता ने अंदर से खिड़की के जरिए गोलियां चलाईं. शुरुआती तीन फायर चूक गए, लेकिन चौथी गोली हमारी बेटी के पेट में लग गई."
मां ने यह भी आरोप लगाया कि सुनीता पिछले कई सालों से उनकी बेटी को जान से मारने की धमकियां दे रही थी और पिछले साल भी उसने योगिता का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की थी.
पुलिस की कार्रवाई और एसपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया. सतना के एसपी प्रेमलाल कुरवे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "परसमनिया गढ़ी में रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह और दूसरी पत्नी सुनीता सिंह के बीच पुराना विवाद था. इसी बहस के दौरान सुनीता सिंह द्वारा फायर आर्म्स (हथियार) का इस्तेमाल किया गया, जिससे चली गोली योगिता सिंह के पेट में लगी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सुनीता सिंह को हिरासत में ले लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त कर लिया है. मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी जांच की जा रही है."
इस खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस खूनी खेल के पीछे सिर्फ आपसी कड़वाहट थी या फिर इसके पीछे संपत्ति का कोई बड़ा विवाद भी शामिल है.
ADVERTISEMENT


