नागपुर से पति को खोजने सतना पहुंची पत्नी तो युवक ने बीच सड़क पर ही जमकर पीटा, वीडियो हुआ वायरल

Satna Viral Video: मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक कथित घरेलू विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नागपुर से अपने पति की तलाश में सतना पहुंची एक महिला ने ससुराल पक्ष पर घर में प्रवेश से रोकने और पति पर सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने का आरोप लगाया है.जानिए पूरी कहानी.

Satna Viral Video
Satna Viral Video

वेंकटेश द्विवेदी

follow google news

मध्य प्रदेश के सतना जिले से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है. नजीराबाद इलाके में एक महिला को न केवल उसके ससुराल वालों ने घर में घुसने से रोका, बल्कि ससुर के उकसाने पर पति ने बीच सड़क पर उसके साथ जमकर मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आइए विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.

Read more!

नागपुर से सतना तक का संघर्ष

पीड़ित महिला की पहचान अमरीन खान के रूप में हुई है. अमरीन के मुताबिक, उसका निकाह करीब 7 साल पहले सतना के नजीराबाद निवासी आदिल खान से हुआ था. पिछले 4 महीनों से आदिल उसे और उनकी 5 साल की मासूम बेटी अनम को नागपुर में छोड़कर फरार हो गया था. जब अमरीन अपने हक के लिए नागपुर से सतना पहुंची, तो उसे अपमान और हिंसा का सामना करना पड़ा.

'हमें 7 शादियां जायज हैं'- ससुर पर गंभीर आरोप

अमरीन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि जब वह ससुराल पहुंची, तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया. उसके ससुर ने धर्म का हवाला देते हुए विवादित बयान दिया. महिला का आरोप है कि ससुर ने कहा, 'हमारे में चार और सात शादियां जायज हैं, हम आदिल की दूसरी शादी करवाएंगे.' अमरीन का दावा है कि उसके सास-ससुर और अन्य रिश्तेदार मिलकर उसका तलाक कराने और आदिल का दूसरा निकाह कराने की साजिश रच रहे हैं.

बीच सड़क पर हुई मारपीट

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह सड़क पर हंगामा हो रहा है. अमरीन का आरोप है कि उसके पति ने न केवल उसे धक्का देकर बाहर निकाला, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की. इस हाथापाई में अमरीन की उंगलियों और हाथ में चोटें आई हैं. उसने बताया कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है, जिसके चलते वह उसे और उसकी बेटी को दर-दर भटकने के लिए छोड़ गया है.

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए सतना पुलिस ने अमरीन की शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि क्या पति वाकई दूसरी शादी करने की तैयारी में था और मारपीट के पीछे किन लोगों का हाथ है.

यहां देखें वीडियो

भोपाल में लव मैरिज के 7 महीने बाद होटल के कमरे में मिला युवक का शव, मौत से पहले के वीडियो ने खोल दिए सारे पोल

    follow google news