नर्मदा में 11,000 लीटर दूध से अभिषेक करने वाला बाबा शिवानंद ने ली प्रतिज्ञा, यदि बीजेपी...तो मुंडी कटा लूंगा, वीडियो वायरल

Shivanand Maharaj viral video: मध्य प्रदेश के सीहोर में संत शिवानंद महाराज की बड़ी प्रतिज्ञा ने सियासत में हलचल मचा दी है. नर्मदा में 11,000 लीटर दूध अभिषेक करने वाला महाराज ने कहा कि, सीहोर में 2028 चुनाव में बीजेपी या कांग्रेस का एक भी विधायक जीता तो वे मुंडी कटवा लेंगे. जानिए पूरा मामला, विवाद और राजनीतिक असर.

Shivanand Maharaj viral video
Shivanand Maharaj viral video

आशुतोष शुक्ला

follow google news

मध्य प्रदेश में इन दिनों राजनीतिक पारा अपने हाई पर है. इसके पीछे की वजह किसी नेता या वायरल वीडियो नहीं बल्कि प्रसिद्ध संत शिवानंद महाराज का भरे मंच से ली गई एक प्रतिज्ञा है, जिसने सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष की भी नींद उड़ा दी है. सिहोर में पिछले 21 दिनों से चल रहे महायज्ञ के समापन के बाद शिवानंद महाराज ने प्रतिज्ञा ली है कि आने वाले चुनाव में सीहोर जिले ने ना तो बीजेपी और ना ही कांग्रेस का कोई विधायक या सांसद जीतने देंगे. साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि अगर कोई जीत कर आता है तो मैं अपनी मुंडी कटवा लूंगा. 

Read more!

आपको बता दें कि यह वही बाबा है जिनका नर्मदा नदी में 11,000 लीटर दूध से अभिषेक करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसे लेकर लोग दो अलग-अलग गुटों में बंट गए है. फिलहाल सोशल मीडिया पर बाबा की यह प्रतिज्ञा वाली वीडियो भी वायरल हो रही है, जिसने 2028 के सियासी समीकरणों को हिलाकर रख दिया है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी. 

महायज्ञ में बाधा डालने से संत नाराज

दरअसल, सीहोर जिले भरूंगा (नसरुल्लागंज) क्षेत्र के सातदेव गांव में एक 21 दिनों का भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया था. यह महायज्ञ 18 मार्च से 7 अप्रैल तक चला जिसमें 41 टन सामाग्री(सोना, चांदी, कपड़े, बर्तन, ड्राई फ्रूट, जड़ी बूटियां) की आहुति दी गई. लेकिन इस यज्ञ का अंत ऐसे राजनीतिक श्राप से हुआ जिसने प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल मचा दी. संत शिवानंद महाराज का आरोप है कि इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय नेताओं और बीजेपी के लोगों ने प्रशासन पर दवाब बनाया और इसमें बाधा डालने की कोशिश की. उन्होंने भरे मंच से कहा कि नेताओं ने पुलिस को रोक रखा था, हमको प्रशासन की कोई जरूरत नहीं है. हम धुनी वाले दादाजी के भरोसे थे और धुनी वाले दादा जी साक्षात यहीं है और पूरा यज्ञ संपन्न हुआ है. 

मुंडी कटवाने की कह दी बात

शिवानंद महाराज का गुस्सा यहीं खत्म नहीं हुआ. उन्होंने ललकारते हुए कहा कि, अब उन्हें हम बताएंगे की 2028 में कौन जीतेगा. अगर 2028 में सीहोर जिले का एक भी बीजेपी या कांग्रेस का विधायक जीत गया तो मैं अपनी मुंडी कटवा लूंगा. महाराज ने यह भी कहा है कि वे जिस उम्मीदवार को चाहेंगे, उसे ही जिताएंगे और इन दोनों बड़ी पार्टियों को जिले की धरती पर पैर नहीं जमाने देंगे.

शिवराज सिंह चौहान को सीधी चुनौती?

संत शिवानंद महाराज की इस चेतावनी को सियासी जानकार केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए सीधी चुनौती के तौर पर देख रहे है. दरअसल, सीहोर शिवराज सिंह चौहान का गृह जिला है और वे बुधनी क्षेत्र से लगातार विधायक रहते हुए मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे थे. आपको बता दें कि महाराज ने यज्ञ खत्म होने से कुछ दिन पहले ही यज्ञ में शामिल होने पहुंचे बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को परिसर तक में नहीं घुसने दिया था, जिससे मामले ने और तूल पकड़ रखा है. 

11 लीटर दूध से नर्मदा जी का अभिषेक

इस महायज्ञ की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है. दावा किया गया है कि 21 दिनों तक चले इस अनुष्ठान में सोना, चांदी, बर्तन, सूखे मेवे और जड़ी-बूटियों सहित 41 टन सामग्री स्वाहा की गई. समापन के दिन नर्मदा नदी में 11,000 लीटर दूध प्रवाहित किया गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी बहस छिड़ी हुई है. इसे कुछ लोग भक्ति और आस्था का नाम दे रहे है तो कई लोग इसे दूध की बर्बादी बता रहे है. 

2028 के सियासी समीकरणों पर कितना पड़ेगा फर्क?

मध्य प्रदेश की राजनीति में संतों का हस्तक्षेप नया नहीं है. लेकिन शिवनंद महाराज का यह कड़क लहजा और सीधी चेतावनी बताती है कि आने वाले समय में बुधनी और सिहोर की जमीन पर सियासी जंग बेहद दिलचस्प होने वाली है. अब सवाल यह है कि क्या वाकई महाराज का यह श्राप बीजेपी और कांग्रेस का खेल बिगाड़ देगा या फिर 2028 में जनता का मूड कुछ और ही होगा. फिलहाल बाबा की इस भीष्म प्रतिज्ञा ने नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें जरूर खींच दी है.

    follow google news