सिवनी में एक विवाहिता की प्रेम कहानी काफी चर्चा में है. महिला की शादी के बाद सबकुछ ठीक था. फिर अचानक उसकी मुलाकात गांव के जयदीप तिवारी से हो गई. पहले नजरें मिलीं...फिर बातें हुईं. दोनों कब एक दूजे के प्यार में खो गए उन्हें खुद पता नहीं चला. पत्नी अपने प्रेमी जयदीप से घंटों फोन पर बातें करने लगी. पहले पति ने पकड़ा फिर बात घर के हर सदस्यों तक पहुंची. काफी समझाइश हुई. पति ने हर तरीके अपनाए. पति डेढ़ साल तक रिश्ते को बचाने की जद्दोजहद में लगा रहा. आखिरकार वो इस प्रेम कहानी के आगे हार गया. उसने थक-हारकर पत्नी का हाथ प्रेमी के हाथों में सौंप दिया.
ADVERTISEMENT
''मैं केवलारी ब्लॉक के अहरवाड़ा गांव का निवासी हूं...मेरी शादी अप्रैल 2024 में अपूर्वा लखेरा से हुई थी. पत्नी बीते साल से गांव के ही रहने वाले जयदीप तिवारी से प्यार करने लगी. घंटों मोबाइल में बातें करती थी. मेरी गैरमौजूदगी में दोनों मिला भी करते थे. मैंने और परिवार-समाज के लोगों ने उन्हें कई बार समझाया, लेकिन वो नहीं मानी. पत्नी ने थाने में लिखित आवदेन दिया कि वो जयदीप तिवारी से प्यार करती है और उसी के साथ रहना चाहती है. इसके बाद मैंने भी लिखित आवेदन दिया और जयदीप तिवारी ने भी लिखित में कहा है कि वो अपूर्वा को पत्नी बनाकर रखेगा.'' ये बातें उस पति की हैं जिसकी पत्नी अब किसी और की हो चुकी है.
क्या है ये पूरा मामला?
मामला सिवनी जिले के केवलारी ब्लॉक के अहरवाड़ा गांव का है. अप्रैल का महीना और साल 2024. शशांक लखेरा की शादी बड़े धूमधाम से हुई. शुरू में तो सब ठीक रहा, लेकिन कुछ महीनों बाद पत्नी की गांव के ही एक युवक से नजदीकियां बढ़ गईं. इस बात की खबर जब पति को हुई तो उसने पत्नी को काफी समझाया, लेकिन वो नहीं मानी. फिर परिवार और समाज के लोगों ने समझाया, लेकिन पत्नी फिर भी नहीं मानी. आखिरकार वो 17 अप्रैल को घर से चली गई.
इसके बाद पति ने थाने में इस बाबत लिखित सूचना दी. पत्नी और प्रेमी को बुलाया गया. पुलिस ने नैतिकता का पाठ पढ़ाया, परिवार के लोगों ने समझाया, लेकिन जब दोनों नहीं माने तो आखिरकार पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी.
केवलारी टीआई प्रीतम सिंह तिलगाम ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला आया था. पति ने थाने में पत्नी के किसी और के साथ चले जाने की शिकायत दी थी. तीनों पक्षों को बुलाकर समझाइश दी गई. परिवार के बड़े बुज़ुर्गों से बातचीत के बाद पति ने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी. प्रेमी ने भी महिला को पत्नी के रूप में स्वीकार करने की बात कही है.
ADVERTISEMENT


