कपल के बैग में गांजा रखने की धमकी देने वाले अफसरों पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, ASP-SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सिवनी के एक होटल में कपल को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद CM डॉ. मोहन यादव ने ASP दीपक मिश्रा और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. पढ़ें पूरी खबर.

Seoni Viral Video
Seoni Viral Video
Google CTA

सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बबरिया रोड स्थित एक होटल के रिसेप्शन का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य की मोहन यादव सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है. होटल में ठहरे एक कपल को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी के एडिशनल एसपी (ASP) दीपक मिश्रा और एसडीओपी (SDOP) चंचलेश मरकाम समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

Read more!

क्या है पूरा मामला? 

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 13 नवंबर की है. बबरिया रोड स्थित एक होटल के रिसेप्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीरों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वायरल वीडियो में सिवनी के एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी मौजूद दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि पुलिस अधिकारी होटल में रुके एक कपल पर अपने परिजनों को फोन कर बुलाने का दबाव बना रहे थे. जब कपल ने ऐसा करने से इनकार कर दिया, तो एडिशनल एसपी ने कथित तौर पर होटल स्टाफ से कहा— "गांजा लाकर लड़के के बैग में रख दो."

होटल संचालक ने लगाए वसूली के आरोप 

इस मामले में होटल मालिक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं. सनोडिया का दावा है कि पुलिस की ओर से उनसे मोटी रकम की मांग की गई थी. वे अपने मित्र योगेश गढ़वाल 'बिट्टू' के साथ पैसे देने भी गए थे, लेकिन पूरी मांग न माने जाने पर पुलिस ने उन्हें और उनके होटल में आने वाले ग्राहकों को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. इससे पहले शनिवार को भी इसी होटल का एक अन्य वीडियो सामने आया था, जिसमें टीआई सतीश तिवारी होटल मैनेजर को होटल बंद कराने की धमकी देते नजर आ रहे थे.

सीएम मोहन यादव का सख्त रुख 

वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामला सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और मामले की निष्पक्ष व विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि कदाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.