शहडोल में चलती कार बनी आग का गोला, सवार थी नई नवेली दुल्हन; ड्राइवर की सूझबूझ से बची 6 जिंदगियां

CNG car fire incident: मध्य प्रदेश के शहडोल में एक चलती सीएनजी कार में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कार में सवार नई नवेली दुल्हन समेत 6 लोगों की जान ड्राइवर की सूझबूझ से बच गई. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण कार में आग लगी और कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख हो गया. जानिए शहडोल कार आग हादसे की पूरी कहानी.

Shahdol car fire
शहडोल में धूं-धूं कर जली कार

रावेंद्र शुक्ला

follow google news

हादसे कभी वक्त बताकर नहीं आते, लेकिन सही समय पर ली गई समझदारी कई जिंदगियां बचा सकती है. शहडोल की सड़कों पर बीते शनिवार रात एक ऐसा ही मंजर देखने को मिला. एक खुशहाल परिवार, जो अपनी नई नवेली बहू को लेकर ससुराल लौट रहा था, अचानक मौत के करीब पहुंच गया. चलती सीएनजी कार आग की लपटों में घिर गई, लेकिन ड्राइवर की तत्परता ने चीख-पुकार को राहत में बदल दिया. कार तो जलकर राख हो गई, लेकिन 6 इंसानी जिंदगियां सुरक्षित बच निकलीं. आइए विस्तार से जानते हैं पूरा मामला.

Read more!

शादी के 3 महीने बाद ससुराल लौट रही थी दुल्हन

हादसा शहडोल के सरावगी पेट्रोल पंप और चौपाटी के पास हुआ. कार में सवार यात्रियों में एक ऐसी दुल्हन भी शामिल थी जिसकी शादी को अभी मात्र 3 महीने हुए थे. वह अपने मायके से ससुराल के लिए पहले सफर पर निकली थी. पूरा परिवार खुश था, लेकिन रास्ते में अचानक मौत का मंजर सामने आ गया.

शॉर्ट सर्किट के बाद भड़की आग

यात्रियों के अनुसार, कार देवसर से आ रही थी कि तभी अचानक गाड़ी में शॉर्ट सर्किट हुआ और धुआं उठने लगा. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. ड्राइवर ने जैसे ही खतरे को भांपा, उसने तुरंत कार की रफ्तार कम की और उसे सड़क के किनारे सुरक्षित पार्क कर दिया. ड्राइवर के इशारे पर सभी 6 लोग आनन-फानन में कार से बाहर निकले और अपना कुछ सामान भी बाहर निकालने में सफल रहे.

देखते ही देखते राख हो गई कार

जैसे ही लोग बाहर निकले, उसके कुछ ही मिनटों बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा.

'ड्राइवर ने बचाई हमारी जान'

कार में सवार एक यात्री ने बताया, 'ड्राइवर ने बहुत होशियारी दिखाई, जिसकी वजह से हम सबकी जान बच गई. हम कुल 6 लोग थे. अगर ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी नहीं रोकी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.' फिलहाल, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, जिसे एक चमत्कार माना जा रहा है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: सीधी में बीच सड़क 'महाभारत', शख्स ने महिला को डंडे से पीटा तो महिला ने चप्पलों से कर दी धुनाई; वीडियो वायरल

    follow google news