दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में डूबने से 3 नाबालिगों की मौत के बाद मचा हड़कंप !

प्राची अवस्थी

10 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 10 2026 5:08 PM)

मध्य प्रदेश के शहडोल में चौपाटी के पास तालाब में डूबने से तीन नाबालिग लड़कों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया. पढ़ें पूरी खबर.

शहडोल में 3 नाबालिगों की मौत
Diwali Joy Turns to Grief in Shahdol
Google CTA

शहडोल जिले में त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं, जब तालाब में डूबने से तीन नाबालिगों की दर्दनाक मौत हो गई. यह पूरा हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 स्थित वंशकार मोहल्ले का है. घटना में तीन चिराग बुझ जाने के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Read more!

चौपाटी के पास झूला पुल के पास हुआ हादसा

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास स्थित तालाब में हुआ. मृतकों की पहचान समीर, गौरव और दुर्गेश वंशकार के रूप में हुई है. वहीं, उनके चौथे साथी पंकज वंशकार की किसी तरह जान बच गई.बताया जा रहा है कि चारों लड़के तालाब के किनारे मौजूद थे, तभी वहां पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंची. दावा किया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी को देखकर लड़के अचानक तालाब में चले गए. हालांकि, चारों ने ऐसा कदम क्यों उठाया और वहां क्या परिस्थिति बनी थी, इसकी असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अभी किसी दावे की पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल

हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. परिजनों का आरोप है कि घटना के वक्त प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली. बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके चलते परिजनों को खुद ही उन्हें अस्पताल लेकर जाना पड़ा. जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.

जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा

तीन बच्चों की मौत के गम और अस्पताल की बदहाल व्यवस्था ने परिजनों और स्थानीय लोगों के गुस्से को बढ़ा दिया. पुलिस प्रशासन की तरफ से मदद न मिलने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदारों के खिलाफ नाराजगी जताई.एक तरफ जहां इस घटना से तीन परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं हादसे के बाद से पुलिस की कार्यशैली और जिला अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.