11 जून की रात 2 बजे होटल रूम में मची चीख-पुकार... दरवाजा खुलते ही प्रेमी-प्रेमिका की हालत देख सन्न रह गई पुलिस, जानें पूरा मामला

Madhya Pradesh News: शिवपुरी से भागकर गुजरात पहुंचे प्रेमी-प्रेमिका को पुलिस ने ढूंढ निकाला और वापस ला रही थी. लेकिन रास्ते में होटल में ठहरने के दौरान ऐसा खूनी खेल हुआ कि पुलिस और परिजन भी सन्न रह गए. अब पूरे मामले की जांच गुजरात पुलिस कर रही है.

पुलिस कस्टडी में प्रेमी ने प्रेमिका काे मारा (सांकेतिक तस्वीर)
पुलिस कस्टडी में प्रेमी ने प्रेमिका काे मारा (सांकेतिक तस्वीर)

मनोज भार्गव

follow google news

Shivpuri Love Story Case: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से संतोष जाटव और रजनी धाकड़ 8 जून 2026 को घर से भागकर गुजरात पहुंचे. रजनी के अचानक लापता होने के बाद उसके घरवाले परेशान हो गए. काफी ढूंढने के बाद जब रजनी का कुछ पता नहीं चला तो पुलिस ने मामले की गुमशुदगी पुलिस में दर्ज करवाई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया.

Read more!

इस बीच दोनों की मोबाइल कॉल की लोकेशन गुजरात में मिली. इसके बाद पुलिस टीम रजनी के भाई को साथ लेकर गुजरात के राजकोट पहुंच गई. राजकोट में सटीक लोकेशन का पता लगाकर पुलिस ने रजनी और संतोष को सुरक्षित पकड़ लिया. पुलिस ने दोनों को वापस शिवपुरी ला रही थी कि रास्ते में ही प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर दी. जाने क्या है पूरा मामला, कैसे उसने पुलिस कस्टडी के दौरान ही प्रेमिका की हत्या कर दी...

हाईवे के होटल में ठहरना पड़ा भारी

दरअसल, पुलिस टीम दोनों को वापस शिवपुरी ला रही थी. लेकिन आते समय रात हो गई, इस वजह से पुलिस टीम पुलिस टीम गुजरात के गांधीनगर के पास उदयपुर एक्सप्रेस वे पर बने एक होटल रायन इन पोर्ट पर रुक गई. पुलिस, रजनी का भाई और प्रेमी जोड़ा सभी लोग इसी होटल के कमरों में ठहरे हुए थे. इसी दौरान 11 जून की रात करीब 2 बजे अचानक कमरे के अंदर से जोर-जोर से चीखने और चिल्लाने की आवाजें आने लगीं जिसे सुनकर होटल में हड़कंप मच गया.

कमरे का नजारा देख उड़ गए पुलिस के होश

चीख पुकार की आवाज सुनते ही जब पुलिस टीम और रजनी का भाई तुरंत दौड़कर कमरे के अंदर पहुंचे. अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए. कमरे के भीतर रजनी खून से लथपथ पड़ी थी. उसका गला कटा हुआ था. वहीं पास में ही संतोष भी गंभीर हालत में तड़प रहा था. उसका भी गला कटा हुआ था. संतोष ने धारदार चाकू से पहले रजनी का गला काटा था और फिर उसी चाकू से अपने खुद के गले पर भी वार कर लिया था.

प्रेमिका की मौत, प्रेमी की हालत गंभीर

पुलिस और परिजनों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत दोनों को लहू-लुहान हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद रजनी को मृत घोषित कर दिया क्योंकि उसका गला बुरी तरह कटने की वजह से मौके पर ही मौत हो चुकी थी. दूसरी तरफ गंभीर रूप से घायल संतोष का इलाज गुजरात के अस्पताल में चल रहा है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

गुजरात पुलिस कर रही है मामले की जांच

इस पूरी घटना को लेकर शिवपुरी के एडिशनल एसपी संजीव मूल ने बताया कि देहात थाना पुलिस की टीम एक गुमशुदगी के मामले में लड़की और लड़के को बरामद करने राजकोट गई थी. वापस लाते समय रात होने की वजह से वे गांधीनगर के पास उदयपुर हाईवे पर एक होटल में रुके थे जहां अचानक कमरे से चीखने की आवाज आई. कमरे में लड़की और लड़के दोनों का गला कटा हुआ मिला. इस मामले में गुजरात के चिरोड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आत्महत्या या हत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी विवेचना की जा रही है.

यह भी पढ़ें: लड़कों की कोई सुनवाई नहीं होती साहब... इंदौर में इस युवक ने मौत से पहले वीडियो बनाकर जो बताया वो कर देगा हैरान, गर्लफ्रेंड समेत 4 पर आरोप

    follow google news