मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक इबारत लिखी गई. यहां चंबल के शिवपुरी में शादी का कार्ड देने के बहाने आए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों ने पहले महिला के पैर छुए और जैसे ही उन्होंने सिर उठाया, कनपट्टी पर बंदूक सटाकर ट्रिगर दबा दिया. विस्तार से जानिए इस रूह कंपा देने वाली वारदात की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
दोपहर की सुस्ती और दरवाजे पर दस्तक
वारदात शिवपुरी के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेरावारा गांव की है. दोपहर करीब 3:00 बजे का समय था, जब 50 वर्षीय रामसखी धाकड़ अपनी 13 साल की नातिन राधिका के साथ घर में मौजूद थीं. तभी दरवाजे पर दस्तक हुई और आवाज आई, 'अम्मा दरवाजा खोलो, शादी का कार्ड देना है.' आवाज इतनी भरोसेमंद थी कि रामसखी ने बिना किसी शक के दरवाजा खोल दिया.
पैर छुए और फिर कर दिया रिश्तों का कत्ल
चश्मदीदों के मुताबिक, दरवाजे पर एक युवक खड़ा था. उसने पहले झुककर रामसखी के पैर छुए, जो समाज में सम्मान का प्रतीक है. लेकिन अगले ही पल उसने अपनी असली मंशा जाहिर कर दी. पैर छूकर उठते ही उसने अपनी बंदूक निकाली और रामसखी की कनपट्टी पर तानकर गोली चला दी. गोली सिर के आर-पार हो गई और रामसखी की मौके पर ही मौत हो गई. नातिन राधिका की आंखों के सामने उसकी दादी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं.
35 बीघा जमीन और 'सौतेली' दरार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस निर्मम हत्या के पीछे 35 बीघा जमीन का विवाद सामने आ रहा है. रामसखी करीब 35 साल पहले इस घर में दूसरी पत्नी बनकर आई थीं. उन्होंने अपने सौतेले बच्चों को भी सगे बच्चों की तरह पाला था. विवाद तब शुरू हुआ जब रामसखी अपने हिस्से की जमीन अपने सगे बेटे मुनेश के नाम करने की प्रक्रिया कर रही थीं. सौतेले बेटों को यह बात नागवार गुजर रही थी और शक जताया जा रहा है कि इसी जमीन के लालच ने इस खौफनाक साजिश को जन्म दिया.
पुलिस की कार्रवाई और गांव में दहशत
वारदात को अंजाम देकर हमलावर अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. तेंदुआ थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि, इस घटना के बाद से पूरे डेरावारा गांव में खौफ का माहौल है और लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे रिश्तों पर लालच इतना भारी पड़ गया.
यहां देखें वीडियो
साइन कराने के बहाने घर बुलाते थे, फिर करते थे गंदा काम.. सीहोर में इस वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप
ADVERTISEMENT


