फायर ब्रिगेड से धुली BJP विधायक की इनोवा कार, अब आई अजीब सफाई... जानें कौन हैं विधायक रामनिवास शाह, जिनका वीडियो हुआ वायरल?

हरिओम सिंह

26 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 26 2026 4:53 PM)

BJP MLA Ramniwas Shah Singrauli Fire Brigade Car Wash Viral Video: मध्य प्रदेश के सिंगरौली से एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें नगर निगम की फायर ब्रिगेड से बीजेपी विधायक रामनिवास शाह की लग्जरी इनोवा कार धोई जा रही है. वीडियो वायरल होने पर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है, वहीं विपक्ष ने सरकार और विधायक पर तीखा हमला बोला है.

सिंगरौली में फायर ब्रिगेड से धुली BJP विधायक की इनोवा कार
सिंगरौली में फायर ब्रिगेड से धुली BJP विधायक की इनोवा कार
Google CTA

MP Fire Brigade Car Wash Viral Video: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से प्रशासनिक व्यवस्था और सत्ता के रसूख के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में नगर निगम के कर्मचारी आपातकालीन सेवा में इस्तेमाल होने वाली फायर ब्रिगेड (आग बुझाने वाली गाड़ी) से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक की लग्जरी इनोवा कार को चमकाते हुए नजर आ रहे हैं.

Read more!

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद जहां एक तरफ प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय राजनीति और चर्चाओं का बाजार भी पूरी तरह गर्मा गया है.

बंगले के बाहर लगी फायर ब्रिगेड, इनोवा की धूल झाड़ते दिखे कर्मचारी

पूरा मामला सिंगरौली के बिलौंजी स्थित बीजेपी विधायक रामनिवास शाह के शासकीय आवास/बंगले के बाहर का बताया जा रहा है. सामान्य तौर पर जिस सरकारी फायर ब्रिगेड का इस्तेमाल जनता के आशियाने और जान-माल को आग के संकट से बचाने के लिए किया जाता है, उसी गाड़ी के भारी पाइप से प्रेशर पानी छोड़कर विधायक जी की इनोवा कार की धूल झाड़ी जा रही थी. स्थानीय लोगों ने जब आपातकालीन सेवा वाहन का यह निजी काम में इस्तेमाल देखा तो इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.

नगर निगम कमिश्नर ने झाड़ा पल्ला, विधायक ने दी यह सफाई

वीडियो वायरल होने के बाद जब इस संबंध में सिंगरौली नगर निगम की कमिश्नर सविता प्रधान से संपर्क किया गया तो उन्होंने पूरे मामले पर अनभिज्ञता जताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया. उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे किसी वीडियो या घटना की जानकारी नहीं है.वहीं, दूसरी तरफ जब इस पूरे विवाद पर बीजेपी विधायक रामनिवास शाह से उनका पक्ष पूछा गया तो उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि 

"वीडियो हमने भी देखा है. कोई विधायक या मालिक अपने यहां खुद गाड़ी नहीं धोता. ड्राइवर ने बताया कि नगर निगम महापौर और अध्यक्ष के घर में पंप खराब था, तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी पानी भरने आई थी. वहां सहयोग से गाड़ी खड़ी थी तो ड्राइवर ने थोड़ा सा पानी मार दिया. मैंने ड्राइवर को इसके लिए डांटा है कि यह सब काम नहीं करना चाहिए." 

 

 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का करारा हमला

इस घटनाक्रम के सामने आते ही विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सरकार और स्थानीय विधायक को आड़े हाथों लिया है. मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा.

उमंग सिंघार ने लिखा कि आपातकालीन सेवाओं का इस तरह निजी काम के लिए इस्तेमाल किया जाना बेहद गंभीर और शर्मनाक है. जरूरत पड़ने पर आम जनता के घरों की आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच पाती हैं, लेकिन सिंगरौली में बीजेपी विधायक ने फायर ब्रिगेड को ही अपना 'निजी वाशिंग सेंटर' बना रखा है.

अब सवाल यह उठ रहा है कि आम जनता के टैक्स के पैसे से चलने वाली आपातकालीन गाड़ियों को अपना वाशिंग सेंटर बनाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर प्रशासन कोई कार्रवाई करेगा या यह मामला भी रसूख के आगे दबा दिया जाएगा.

कौन हैं रामनिवास शाह?

रामनिवास शाह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता हैं. वह सिंगरौली विधानसभा सीट से 2023 में पहली बार विधायक चुने गए. राजनीति में आने से पहले से ही वह भाजपा संगठन से जुड़े रहे और अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते रहे हैं. रामनिवास शाह के राजनीतिक सफर की शुरुआत साल 2000 में हुई. उस दौरान वह सीधी जिले के जिला मंत्री बने. इसके बाद 2000 से 2005 तक बैढ़न जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष रहे. साल 2004 से 2007 तक उन्होंने सिंगरौली जिला भाजपा के महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद 2007 से 2010 तक वह जिला उपाध्यक्ष रहे.

साल 2008 से 2010 तक रामनिवास शाह गौ-ग्राम यात्रा के जिला संयोजक रहे. इसके बाद 2010 से 2012 तक सिंगरौली भाजपा के जिला महामंत्री और 2013 से 2016 तक जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली. साल 2016 से वह भाजपा मध्य प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं.

राजनीति के अलावा रामनिवास शाह सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं. वह अखिल भारतीय साहू वैश्य महासभा के मध्य प्रदेश संरक्षक हैं. इसके अलावा हनुमान मंदिर समिति बैढ़न, गायत्री परिवार, संत निरंकारी मंडल सिंगरौली और जय गुरुदेव परिवार सिंगरौली से भी जुड़े रहे हैं. उन्होंने सेवा सहकारी समिति सखौहा के अध्यक्ष और बैढ़न जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष के तौर पर भी काम किया है. रामनिवास शाह ने बीए तक पढ़ाई की है और उनके दो बच्चे हैं. साल 2023 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर विधायक बने.

यह भी पढ़ें: उज्जैन: हाथी पर सवार होकर सरकारी ऑफिस पहुंचे इंजीनियर, वीडियो वायरल हुआ तो विभाग ने लिया एक्शन, जानें वजह