आज के दौर में सोशल मीडिया पर अपनी लाइफस्टाइल दिखाना आम बात हो गई है. कोई महंगी कारों की तस्वीरें शेयर करता है तो कोई सोने-चांदी के जेवरों और नकदी के साथ फोटो पोस्ट करता है, लेकिन मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक महिला को यही शौक भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर डाली गई तस्वीरों ने चोरों को ऐसा सुराग दिया कि उन्होंने घर तक पहुंचकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
ADVERTISEMENT
मामला शिवपुरी जिले के ग्राम मोहनी का है. यहां रहने वाली रचना गुर्जर ने कुछ समय पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और लग्जरी गाड़ी के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे. बताया जा रहा है कि इन्हीं पोस्ट्स के जरिए बदमाशों को घर में रखी संपत्ति की जानकारी मिल गई और उन्होंने चोरी की पूरी योजना तैयार कर ली.
पूरी तैयारी से आए थे चोर
वारदात को अंजाम देने पहुंचे चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे. उन्हें पहले से पता था कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. पहचान छिपाने के लिए एक बदमाश ने लंबे डंडे की मदद से कैमरे का रुख ऊपर की तरफ घुमा दिया, ताकि उनकी तस्वीरें साफ तौर पर रिकॉर्ड न हो सकें.
इसके बाद चोर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़ दिया. अलमारी में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और नकदी को उन्होंने समेट लिया. चोरी करने के बाद बदमाश उसी रास्ते से फरार हो गए, जिस रास्ते से घर में घुसे थे. हालांकि, उनकी कुछ गतिविधियां और भागते समय की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं.
परिवार के उड़ गए होश
चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए. पीड़ित महिला रचना गुर्जर और उनके परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवपुरी के एडिशनल एसपी संजीव मूले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
फिलहाल पुलिस की विशेष टीम सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में जुटी हुई है. शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि बदमाशों ने सोशल मीडिया पर मौजूद तस्वीरों और वीडियो के जरिए घर की रेकी की थी. ऐसे में यह घटना एक बार फिर लोगों को सोशल मीडिया पर अपनी निजी संपत्ति और कीमती सामान का प्रदर्शन करने से पहले सावधानी बरतने की सीख दे रही है.
ADVERTISEMENT


