उज्जैन में आई तेज आंधी ने महाकाल लोक में मचाया तांडव, सप्तऋषियों की मूर्तियां हुईं खंडित

एमपी तक

28 May 2023 (अपडेटेड: May 28 2023 1:15 PM)

Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में रविवार की दोपहर बहुत तेज आंधी आई. इस तेज आंधी ने सबसे ज्यादा नुकसान महाकाल लोक में पहुंचाया. तेज आंधी के तांडव में महाकाल लोक की करोड़ों रुपए खर्च कर तैयार कराई गईं सप्तऋषियों की मूर्तियां खंडित होकर टूट गईं और गिर पड़ी. मूर्तियों के आंधी में टूटकर गिर […]

Ujjain News, Mahakal Lok, Mp News, Mp Weather News, Ujjain Weather
Ujjain News, Mahakal Lok, Mp News, Mp Weather News, Ujjain Weather
Google CTA

Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में रविवार की दोपहर बहुत तेज आंधी आई. इस तेज आंधी ने सबसे ज्यादा नुकसान महाकाल लोक में पहुंचाया. तेज आंधी के तांडव में महाकाल लोक की करोड़ों रुपए खर्च कर तैयार कराई गईं सप्तऋषियों की मूर्तियां खंडित होकर टूट गईं और गिर पड़ी. मूर्तियों के आंधी में टूटकर गिर जाने के बाद अब महाकाल लोक के निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कांग्रेस पार्टी बीजेपी पर महाकाल लोक के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है.

Read more!

विश्व प्रसिद्ध उज्जैन के महाकाल लोक में रविवार दोपहर तेज़ हवाओं ने तांडव मचा दिया. रविवार दोपहर चली तूफानी हवाओं ने करोड़ों की लागत से बने महाकाल लोक की कई मूर्तिय़ां उखड़ कर ज़मीन पर गिर गई हैं. आपको बता दें कि महाकाल लोक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर 2022 को किया था.

रविवार अचानक तूफानी हवाओं के चलते महाकाल लोक में बनी सप्तऋषियों की मूर्तियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है. इनमें से कई मूर्तियां ज़मीन पर गिर गईं तो कई मूर्तियों के हाथ और सिर टूट गए. रविवार होने के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालू महाकाल लोक पहुंचे हुए थे, हालांकि राहत की बात यह है कि इतने नुकसान के बाद भी किसी श्रद्धालू को चोट नहीं आई.

इन ऋषियों की मूर्तियों को पहुंचा है नुकसान
ऋषि कश्यप, ऋषि अत्री, ऋषि विश्वामित्र, ऋषि गौतम, ऋषि वशिष्ठ, ऋषि जमदग्नि की मूर्तियां खंडित हो गईं. किसी का सिर टूट गया है तो किसी की कमर टूट गई है. वहीं ऋषि भारद्वाज की प्रतिमा को कुछ नही हुआ है. वह इस तेज आंधी में बच गई है. इस पूरे मामले को लेकर उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम का कहना है कि यह प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां थीं, इनकी ड्यूरेबिलिटी अधिक नहीं होती है. इसलिए ये मूर्तियां तेज आंधी में टूटकर गिर गईं. बहुत जल्द इन मूर्तियों के स्थान पर पत्थर की स्थानी मूर्तियां लगाई जाएंगी. उनको बनाने का काम लगातार चालू है. निर्माण कार्यों के घटिया होने के सवाल पर कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम बार-बार नकारते रहे और इसे तेज आंधी का असर ही बताया.

मौसम विभाग ने पहले ही जारी कर दिया था अलर्ट
मौसम विभाग ने उज्जैन सहित इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग में रविवार को तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन के महाकाल लोक में आई आंधी की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा थी. सागर-छतरपुर के इलाके में तो तेज बारिश और ओलावृष्टि भी हो रही है. मध्यप्रदेश के लगभग हर शहर में आंधी, बारिश का असर है. इसकी वजह से नौतपा का तीसरा दिन भी ठंडा ही निकल गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्यप्रदेश में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हुआ है. जिसकी वजह से तेज आंधी, बारिश आ रही है.

कमलनाथ ने उठाए महाकाल लोक के घटिया निर्माण पर सवाल
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने महाकाल लोक के घटिया निर्माण को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘मध्य प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने जब उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर का भव्य निर्माण करने का संकल्प लिया था तब इस बात की कल्पना नहीं की थी कि बाद की सरकार महाकाल लोक के निर्माण में भी गंभीर अनियमितता करेगी. आज जिस तरह से महाकाल लोक परिसर में आंधी चलने से देव प्रतिमाएं जमीन पर गिर गईं, वह दृश्य किसी भी धार्मिक व्यक्ति के लिए अत्यंत करुण दृश्य है. मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि महाकाल लोक में जो प्रतिमाएं गिरी हैं, वहां नई प्रतिमाएं तुरंत स्थापित की जाएं और घटिया निर्माण करने वालों को जांच कर दंडित किया जाए’

इनपुट: रवीशपाल सिंह, संदीप कुलश्रेष्ठ की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें- MP में फिर से बारिश का कहर, तेज हवा में उड़े आदिवासी उत्सव के पांडाल; मंच के नीचे छुपे मंत्री