इंदौर में टाइगर श्रॉफ पर हमले की हुई प्लानिंग ? शूटरों को मदद देने के शक में पुलिस ने इंजीनियर को उठाया

गौरव जगताप

24 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 24 2026 7:12 PM)

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले की कथित साजिश के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर से इंजीनियर प्रांजल ठाकरान को हिरासत में लिया है. उस पर शूटरों को लॉजिस्टिक मदद देने का शक है. प्रांजल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. इस मामले में अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. फिलहाल, जांच एजेंसियां प्रांजल के संपर्कों और साजिश में उसकी कथित भूमिका की जांच कर रही हैं.

टाइगर श्रॉफ अटैक केस: इंदौर में छिपा था संदिग्ध, मुंबई क्राइम ब्रांच ने दबोचा
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
Google CTA

इंदौर: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की कथित साजिश के मामले में जांच एजेंसियों ने मध्य प्रदेश के इंदौर से एक युवक को हिरासत में लिया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से परदेशीपुरा इलाके से इंजीनियर प्रांजल ठाकरान को पकड़ा. प्रांजल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने कथित तौर पर शूटरों को लॉजिस्टिक और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई थी. इस मामले में मुंबई पुलिस और एसटीएफ अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं. इनमें सात आरोपी सोनीपत जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं.

Read more!

भाई के इलाज के सिलसिले में इंदौर आया था प्रांजल

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रांजल के भाई का पहले हरियाणा के सोनीपत में इलाज चल रहा था.डॉक्टरों ने आगे के उपचार और रोबोटिक सर्जरी के लिए उसे इंदौर रेफर किया था. इसके बाद से प्रांजल का भाई पिछले करीब पांच महीनों से इंदौर में उपचार करा रहा है. बताया जा रहा है कि प्रांजल भी पांच दिन पहले अपने भाई को देखने इंदौर पहुंचा था. इसी दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच को उसकी लोकेशन इंदौर में मिली. जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीम इंदौर पहुंची और स्थानीय क्राइम ब्रांच के सहयोग से परदेशीपुरा इलाके से उसे हिरासत में ले लिया. 

शूटरों से संपर्क और लॉजिस्टिक मदद की जांच

जांच एजेंसियां अब प्रांजल की कथित भूमिका की पड़ताल कर रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसका शूटरों से किस तरह का संपर्क था और क्या उसने हमले की साजिश को अंजाम देने के लिए किसी तरह की मदद उपलब्ध कराई थी. जांच के दायरे में हथियारों की व्यवस्था, शूटरों को जरूरी संसाधन मुहैया कराने और साजिश में संभावित सहयोग जैसे पहलू भी शामिल हैं. हालांकि, प्रांजल की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है और उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.

अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार

टाइगर श्रॉफ पर हमले की कथित साजिश के मामले में मुंबई पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई जारी है. अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है. इनमें से सात आरोपी हरियाणा के सोनीपत जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं.  प्रांजल को हिरासत में लेने के बाद जांच एजेंसियां उससे पूछताछ के जरिए अन्य संदिग्धों, संभावित संपर्कों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल, मामले में प्रांजल की कथित भूमिका और हमले की साजिश से उसके संबंधों को लेकर जांच जारी है. 

इनपुट- धर्मेंद्र कुमार शर्मा, संवाददाता, इंदौर 

यह खबर भी पढ़े : सागर के बाद देवास में 13 मौतों का दावा, जहरीली शराब से किसी की मौत तो किसी की आंखों की रोशनी गई ?