'मैं फंस गई हूं यार...' मौत से पहले ट्विशा शर्मा का आखिरी चैट वायरल, बेस्ट फ्रेंड को बताया था दिल का हाल, जानें

Twisha Sharma Death Case: एमपी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मामले में सोशल मीडिया पर आखिरी इंस्टाग्राम चैट लीक हो गया है. इस चैट में वो अपनी बेस्टफ्रेंड से बात करते हुए कहती हैं कि मैं तो यहां फंस कई है, और क्या क्या बताया नीचे विस्तार से पढ़ें.

ट्विशा शर्मा मामले में एक और खुलासा हुआ
ट्विशा शर्मा मामले में एक और खुलासा हुआ

धर्मेंद्र साहू

follow google news

Twisha Sharma Case Update: मध्य प्रदेश में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है. मौत के कई दिन बीत जाने के बाद भी ट्विशा को अब तक अंतिम संस्कार नसीब नहीं हो पाया है. इस बीच सोशल मीडिया पर ट्विशा और उनकी सहेली मीनाक्षी के बीच हुई आखिरी इंस्टाग्राम चैट लीक हो गई है, जिसने ट्विशा को मिलने वाली मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों को और पुख्ता कर दिया है. मौत से कुछ ही समय पहले ट्विशा ने अपनी सहेली से अपना दर्द साझा करते हुए लिखा था, "मैं फंस गई हूं यार, बस तू मत फंसना..." 

Read more!

प्रेम विवाह के बाद प्रताड़ना का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की मुलाकात साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए वकील समर्थ सिंह से हुई थी. इसके बाद दिसंबर 2025 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद ट्विशा बेहद मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजरने लगीं. ट्विशा के परिवारवालों का सीधा आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इसमें उनके पति समर्थ सिंह और सास की मुख्य भूमिका है. सोशल मीडिया पर बढ़ते जन-आक्रोश और दबाव के बाद पुलिस प्रशासन ने इस मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है. 

सीएम दफ्तर पहुंचे पीड़ित माता-पिता और फौजी भाई

ट्विशा को न्याय दिलाने के लिए उनके माता-पिता और भाई (जो भारतीय सेना में मेजर हैं) नोएडा से भोपाल पहुंचे. हालांकि, मुख्यमंत्री मोहन यादव से उनकी सीधी मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत की. अधिकारियों ने परिवार को स्पष्ट किया कि न्यायपालिका स्वतंत्र है और वे उसमें सीधा हस्तक्षेप नहीं कर सकते, परंतु प्रशासनिक स्तर पर परिवार को पूरी मदद और निष्पक्षता का आश्वासन दिया गया है. 

ये कानून के रखवालों के खिलाफ लड़ाई है

अधिकारियों से मुलाकात के बाद ट्विशा के पिता ने मीडिया के सामने अपना दर्द और चिंताएं साझा कीं. उन्होंने कहा कि यह मामला 'रेस्ट ऑफ रेयर कंडीशन' में आता है क्योंकि जिस आरोपी पर हत्या और प्रताड़ना का आरोप है, वह खुद न्यायिक प्रक्रिया का एक हिस्सा (वकील) है. उन्होंने पहली पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि सबूतों को नष्ट करने और बॉडी को डीकंपोज करने की साजिश रची जा रही थी. पिता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहली रिपोर्ट की खामियों को देखते हुए अधिकारियों ने भी दूसरे पोस्टमार्टम की आवश्यकता को स्वीकार किया है.

दिल्ली AIIMS में दूसरे पोस्टमार्टम के बाद ही होगा अंतिम संस्कार

पीड़ित परिवार का साफ कहना है कि वे अपनी बेटी की लाश का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे जब तक दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उसका दूसरा पोस्टमार्टम नहीं हो जाता. पिता ने कहा, "हमारी लड़ाई बेहद जटिल है क्योंकि एक हाथ में कानून है और वही अपराधी है. जैसे ही दिल्ली एम्स से दूसरा पोस्टमार्टम संपन्न होगा, हम बेटी का अंतिम संस्कार करेंगे."

अब देखना होगा कि एसआईटी (SIT) की जांच और दिल्ली एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ट्विशा की मौत के पीछे का क्या सच बाहर आता है. क्या यह सिर्फ एक आत्महत्या है, या फिर इसके पीछे कोई बड़ी प्रताड़ना और गहरी साजिश छिपी है.

यहां देखें पूरी वीडियो 

 

    follow google news