Twisha Case News: ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह का जज रहते हुए किया गया आखिरी फैसला फिर आया सुर्खियों में, जानें पूरा मामला

ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह के जज रहने के दौरान सुनाया गया भोपाल का बहुचर्चित फैज कुरैशी हत्याकांड का फैसला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.

ट्विशा शर्मा के आखिरी वक्त में साथ नहीं था पति
ट्विशा शर्मा के आखिरी वक्त में साथ नहीं था पति

न्यूज तक डेस्क

follow google news

भोपाल की चर्चित मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की गूंज अब सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रही है. जैसे-जैसे इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे कई चौंकाने वाली परतें खुल रही हैं. मामले की जांच कर रही CBI की ताजा कार्रवाई के बाद ट्विशा की सास और पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आ खड़ी हुई हैं.

Read more!

शुक्रवार को सीबीआई ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश किया था. जांच एजेंसी ने दोनों से पूछताछ के लिए पांच-पांच दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब गिरिबाला सिंह के न्यायिक कार्यकाल के दौरान सुनाए गए पुराने फैसलों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

चर्चा में क्यों आया फैज कुरैशी हत्याकांड का फैसला?

गिरिबाला सिंह के कार्यकाल के फैसलों में सबसे ज्यादा ध्यान भोपाल के बहुचर्चित 'फैज कुरैशी हत्याकांड' पर जा रहा है. दरअसल, 13 फरवरी 2023 को गिरिबाला सिंह की अदालत ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी शफीक कुरैशी को बरी कर दिया था. अदालत ने अपने फैसले में साफ कहा था कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ ऐसे ठोस और निर्विवाद साक्ष्य पेश नहीं कर पाया, जिससे हत्या का आरोप संदेह से परे साबित हो सके.

यह मामला 25 जुलाई 2021 का था, जब तलैया थाना क्षेत्र में फैज कुरैशी पर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने शफीक कुरैशी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद करने का दावा किया था, लेकिन कोर्ट में सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण प्रत्यक्षदर्शी गवाह (अमान, अफसान, जीशान और समीर) अपने बयानों से मुकर गए थे. कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के स्थापित सिद्धांतों का हवाला देते हुए आरोपी को संदेह का लाभ (Benefit of Doubt) देकर बरी कर दिया था, जो फैसला अब पूर्व जज की गिरफ्तारी के बाद दोबारा सुर्खियों में है.

आखिरी फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित थीं ट्विशा

दूसरी तरफ, दक्षिण भारतीय फिल्मों में तेजी से उभर रहीं ट्विशा शर्मा की मौत ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है. बताया जा रहा है कि सेना की पृष्ठभूमि पर बनी उनकी एक बड़ी तेलुगु फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली थी. इस फिल्म को लेकर ट्विशा बेहद उत्साहित थीं और इसे अपने करियर का एक टर्निंग पॉइंट मान रही थीं. फिल्म के मुख्य अभिनेता और तेलुगु स्टार विराज चीलम ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक संदेश साझा करते हुए ट्विशा को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि ट्विशा सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार ही नहीं, बल्कि पूरी टीम की सकारात्मक ऊर्जा का हिस्सा थीं.

हत्या या आत्महत्या? सीबीआई तलाश रही जवाब

गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. जहां एक तरफ ट्विशा का ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहा है, वहीं मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि ट्विशा की हत्या की गई है. मायके वालों की मांग पर ही इस मामले की कमान सीबीआई को सौंपी गई है. इस बीच, शुक्रवार को ट्विशा के परिजनों ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर नम आंखों के साथ उनका अस्थि विसर्जन किया. परिवार का कहना है कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे.

 

    follow google news