एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है. मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने अपनी अग्रिम जमानत अर्जी वापस ले ली है. समर्थ के वकील ने अदालत में कहा कि उनका मुवक्किल जांच का सामना करने के लिए तैयार है और जल्द ही पुलिस या निचली अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर देगा. सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील ने दलील दी, "मुझे अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करनी हैं, इसलिए मैं तुरंत सरेंडर करूंगा."
ADVERTISEMENT
हाईकोर्ट ने समर्थ सिंह को रिमांड कोर्ट या भोपाल के कटारा हिल्स थाने में सरेंडर करने की अनुमति दे दी है. हालांकि, सरकारी वकील और ट्विशा के पिता के वकील ने आरोपी को अदालत से किसी भी तरह की सीधी राहत दिए जाने का कड़ा विरोध किया.
सरकारी वकील ने जताया कड़ा ऐतराज
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल ने आरोपी की मांग पर आपत्ति जताई. उन्होंने कोर्ट से कहा कि आरोपी पिछले कई दिनों से फरार चल रहा है, इसलिए उसे हाईकोर्ट से सीधे कोई विशेषाधिकार या राहत नहीं मिलनी चाहिए. पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने का पूरा अधिकार है. इसके जवाब में समर्थ के वकील ने कहा कि इस मामले का बेवजह मीडिया ट्रायल किया जा रहा है, जबकि देश में दहेज से जुड़े कई मामले सामने आते रहते हैं. मामले की अगली सुनवाई अब सोमवार को होगी.
दिल्ली एम्स की टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम
इस बीच, हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा की याचिका मंजूर कर ली है. अदालत ने मृतका का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश जारी किए हैं. इसके लिए दिल्ली एम्स (AIIMS) के डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम को भोपाल एयरलिफ्ट किया जाएगा. इससे पहले भोपाल की निचली अदालत ने दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग को खारिज कर दिया था.
कोर्ट में हुई तीखी बहस
सुनवाई के दौरान दूसरे पोस्टमॉर्टम को लेकर दोनों पक्षों में भारी बहस हुई. समर्थ की मां और पूर्व जज गिरिबाला सिंह के वकील ने इस मांग का विरोध करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है. दोबारा जांच की मांग करना डॉक्टरों की योग्यता पर सवाल उठाने जैसा है. उन्होंने यह भी दलील दी कि शव को लंबे समय तक रखना ठीक नहीं है, क्योंकि वे जल्द से जल्द अपनी बहू का अंतिम संस्कार करना चाहते हैं. वहीं, सरकारी पक्ष ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को पहली जांच पर कोई संदेह है, तो दूसरी राय लेने में कोई बुराई नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 33 साल की अभिनेत्री ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं. मायके पक्ष का आरोप है कि ट्विशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे खुदकुशी के लिए उकसाया गया. इस मामले में पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था. फरार चल रहे समर्थ पर पुलिस ने 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है.
ADVERTISEMENT


