Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के द्वारा भगवान श्री राजराजेश्वर को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर बवाल खड़ा हो गया है. पंडित धीरेंद्र शास्त्री की इस टिप्पणी को लेकर सीहोर में हैहयवंशी क्षत्रिय समाज के लोगों ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ ही उन पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाना कोतवाली में एक ज्ञापन सौंपा. हैहयवंशी क्षत्रिय समाज के लोगों ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने शब्द वापस लें और माफी मांगें, वरना देशभर में समाज के लोग उनके खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग करेंगे.
ADVERTISEMENT
हैहयवंशी क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और थाना कोतवाली पहुंचे. जहां उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए एक ज्ञापन थाना कोतवाली में दिया. हैहयवंशी समाज के लोगों का कहना था कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनके भगवान के ऊपर अशोभनीय टिप्पणी की है, वे निंदनीय हैं, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने शब्दों को वापस लें, वरना समाज के लोग देश भर में उनके विरुद्ध प्रदर्शन करेंगे.
सोशल मीडिया और कथा के दौरान की टिप्पणी
पंडित धीरेंद्र शास्त्री एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. हैहयवंशी क्षत्रिय समाज संघठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामनारायण ताम्रकार ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने 2 पहले सोशल मीडिया पर और कथा के दौरान हमारे आराध्य श्री राजराजेश्वर और हैहयवंशी को लेकर दुर्भाग्य पूर्ण टिप्पणी की है. रामनारायण ताम्रकार ने कहा कि उनकी इस टिप्पणी से ऐसा लगता है कि वह सनातनी कार्य और समाज को विभाजित करने का कार्य कर रहे है. उन्होंने बहुत ही अशोभनीय टिप्पणी की है. हैहयवंशी समाज ने आरोप लगाया कि भगवान श्री राजराजेश्वर को लेकर अशब्द कहे हैं, उनकी इस टिप्पणी से देश भर में समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है. उनके खिलाफ देश भर में एफआईआर के लिए आवेदन समाज के लोगों ने दिया है.
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
इस मामले को लेकर नलिन बुधौलिया थाना कोतवाली टीआई ने बताया कि हैहयवंशी क्षत्रिय समाज के लोगों ने एक आवेदन दिया है, जिसमें कहा गया है कि छतरपुर के अंतरराष्ट्रीय कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने उनके आराध्य के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी सोशल मीडिया पर की है. टीआई का कहना है कि उसकी जांच करेंगे, जो कार्रवाई होगी की जाएगी.
ये भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह को राजा कहने वाले कार्यकर्ता को मंच से उतारा, कारण जान आप होंगे हैरान
ADVERTISEMENT


