MP Weather Update: मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश से उफान पर नदी-नाले, यहां बन गए बाढ़ जैसे हालात

एमपी तक

06 Jul 2024 (अपडेटेड: Jul 6 2024 1:56 PM)

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. भोपाल-इंदौर समेत कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान भी देखने को मिल रहा है.

Google CTA

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. भोपाल-इंदौर समेत कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान भी देखने को मिल रहा है. कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं.  कहीं पर बांध ओवर फ्लो हो रहा है तो कहीं पर नदी तटबंध तोड़कर शहर में प्रवेश कर रही है. मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 

Read more!

शिवपुरी जिले के लगभग सभी क्षेत्रों पानी बरसने से नदी, नाले, तालाब लबालब हो गए हैं. नतीजतन जिले के प्रमुख झरने बहने लगे हैं. भदैया कुंड और पवा झरने खूब बह रहे हैं. चूंकि अभी बारिश बंद नहीं हुई है, इसलिए पर्यटक पहुंच नहीं पा रहे है. लेकिन बारिश बंद होते ही यहां पर्यटकों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाएगा. 

बारिश ने बढ़ाई परेशानी 

खरगोन के बड़वाह में करीब डेढ़ घंटे झमाझम बारिश हुई. जिससे सड़कें पानी से लबालब हो गईं. लंबे समय से उमस और गर्मी के कारण परेशान लोगों को बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है. बारिश के बाद नगर के सर्राफा बाजार में सिवरेज लाइन के अधूरे कार्य के कारण कीचड़ ही कीचड़ हो गया. इस कारण वाहनों के आवागमन के साथ पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया. इधर बारिश के कारण समीप की बड़वाह कस्बा पंचायत के अंतर्गत आने वाली हाउसिंग बोर्ड, रेवा नगर, शर्मा कालोनी की हालात भी खराब है. इन कालोनियों में बारिश का पानी जमा हो गया. गलियां पानी से लबालब हो गईं. लोगों का वाहन निकालना मुश्किल हो गया.

भिंड में बाढ़ जैसे हालात

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल समेत कई जगहों पर लगातार बारिश हो रही है, जिससे सड़कों पर लबालब पानी भर गया है. भिंड में भारी बारिश से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं. मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. नदी-नालों के किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है. साथ ही बचाव दल तैनात किए जा रहे हैं.

इनपुट: शिवपुरी से प्रमोद भार्गव, खरगोन से उमेश रेवलिया की रिपोर्ट