राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी पर भड़के सांसद केसी वेणुगोपाल, बोले- देश में फैलाया जा रहा डर का माहौल

न्यूज तक डेस्क

• 09:11 AM • 20 Feb 2026

करणी सेना से जुड़े एक कार्यकर्ता द्वारा Rahul Gandhi को कथित गोली मारने की धमकी देने के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है. कांग्रेस ने इसे गंभीर साजिश बताया है, जबकि पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

राहुल गांधी- केसी वेणुगोपाल
राहुल गांधी- केसी वेणुगोपाल
Google CTA

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल करणी सेना से जुड़े एक कार्यकर्ता ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी है. अब इस मामले पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इस तरह की खुलेआम दी गई धमकी को बेहद गंभीर बताया है.

Read more!

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि देश में डर और नफरत का माहौल बनाया जा रहा है. उनके मुताबिक राहुल गांधी को संसद में ठीक से बोलने नहीं दिया जाता और नेता प्रतिपक्ष के पद का सम्मान भी नहीं हो रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं लेकिन अब तक सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं दिखी.

क्या है पूरा मामला 

19 फरवरी को कांग्रेस प्रवक्ता Pawan Khera ने दावा किया कि करणी सेना के एक कार्यकर्ता ने राहुल गांधी और 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी दी है. उन्होंने धमकी से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है. खेड़ा ने आरोप लगाया कि यह कोई अकेली घटना नहीं बल्कि एक बड़ी साजिश का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने की राजनीति खतरनाक दिशा में जा रही है.

वायरल वीडियो में क्या है

वायरल वीडियो में खुद को करणी सेना का संभागीय प्रवक्ता बताने वाले राज आमेरा नाम के शख्स ने संसद में स्पीकर Om Birla के चैंबर में हुई कथित बदसलूकी का जिक्र किया. उसने कहा कि अगर दोबारा इस तरह की घटना होती है तो 25 सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की जाएगी और राहुल गांधी के घर में घुसकर गोली मारने की बात भी कही. उसने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजूजू के बयान का जिक्र करते हुए नाराजगी जताई और कहा कि जेल जाने से भी उसे फर्क नहीं पड़ेगा.

पुलिस ने हिरासत में ले लिया है

वीडियो सामने आने के बाद कोटा पुलिस ने आरोपी राज आमेरा को हिरासत में ले लिया. हालांकि आमेरा ने दावा किया कि वीडियो फर्जी है और विपक्ष ने उसकी नकली आईडी बनाकर इसे फैलाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है जबकि कांग्रेस ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई है.

ये भी पढ़ें: Karnataka Congress Bhavan Dispute: राहुल गांधी का विजन, डीके शिवकुमार का प्लान… लेकिन 'कांग्रेस भवन' पर क्यों मचा बवाल?